मधेपुरा। प्रखंड अंतर्गत नरदह पंचायत के नयाटोला स्थित पंचायत सरकार भवन में पंचायत से संबंधित विकास कार्यों के लिए सभी विभागों के वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बारी-बारी से सभी योजनाओं की गहन समीक्षा कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विकास योजनाओं से संबंधित अंकेक्षण नहीं कराने वाले वार्ड नंबर 11 के वार्ड सदस्य सुरेश ठाकुर व सचिव राजकुमार के विरूद्ध मामला दर्ज कराने का निर्णय लिया गया। नरदह पंचायत के पंचायत सरकार भवन में मुखिया नीलम देवी की देखरेख में प्रखंड विकास पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अंचलाधिकारी रामावतार यादव सहित कई विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पंचायत अंतर्गत आवास योजना के प्रथम किस्त का उठाव करने वाले लाभुकों को अविलंब भवन निर्माण शुरू करने को प्रेरित करने के लिए सभी वार्ड सदस्यों को कहा गया। पंचायत क्षेत्र में मनरेगा योजना के तहत काफी कम संख्या में मजदूरों को काम दिए जाने पर काफी क्षोभ प्रकट किया गया। पंचायत रोजगार सेवक ओमप्रकाश कुमार को मानव दिवस का सृजन कर अधिक से अधिक मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के कार्यों में तेजी लाने को लेकर पंचायत सचिव व आंगनबाड़ी सेविका को निर्देशित किया गया। वहीं पंचायत रोजगार सेवक को नरदह टोले में जल्द से जल्द आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कराने का निर्देश दिया गया। सरपंच प्रतिनिधि ने पंचायत के विभिन्न वार्डों में हर घर नल जल योजना की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। वहीं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राजेश कुमार ने विभागीय स्तर से निबंधित एवं गैर निबंधित मजदूरों के हितार्थ चलाए जा रहे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। साथ ही श्रम विभाग के द्वारा श्रमिकों को मिलने वाली सुविधाओं की समुचित जानकारी देकर आम मजदूरों को इसका शत-प्रतिशत लाभ लेने की अपील की। वहीं कृषि, शिक्षा, लोहिया स्वच्छता अभियान, आंगनबाड़ी, पेंशन, नल-जल योजना, आपूर्ति विभाग से संबंधित योजनाओं की भी गहन समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारी व कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक से अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारी व कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई करने की बात कही गई। बैठक में प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुभाष प्रसाद सिंह, स्वच्छता समन्वयक खुशबू कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका शांति देवी, पंचायत सचिव धीरेंद्र प्रसाद यादव, किसान सलाहकार जय कुमार ज्योति, मनरेगा पीटीए आरके झा, सहकारिता कार्यपालक सहायक प्रभात कुमार, लेखापाल पिटू कुमार, कार्यपालक सहायक रूपा कुमारी, विकास मित्र दुलारचंद ऋषिदेव, सरपंच श्यामा देवी, मुखिया प्रतिनिधि सौरव कुमार, सरपंच प्रतिनिधि अशोक मेहता, उपमुखिया रंधीर कुमार, सेविका रीना कुमारी, रश्मि किरण, ललिता कुमारी, पुष्पांजलि, नीतू कुमारी, मधुमाला कुमारी, नूतन देवी, पिकी कुमारी, शहनाज खातून सहित अधिकांश वार्ड सदस्य उपस्थित थे।
