Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR CRIME NEWS:थानाध्यक्ष हत्या मामले में पुलिस ने मास्टर मांइड को पकड़ा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, April 13, 2021

BIHAR CRIME NEWS:थानाध्यक्ष हत्या मामले में पुलिस ने मास्टर मांइड को पकड़ा


किशनगंज। एसएचओ अश्विनी कुमार की पीट पीटकर हत्या मामले में टाउन थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने सोमवार रात गुप्त सूचना पर छापेमारी कर मामले के मास्टर माइंड मो. जाकिर को गिरफ्तार किया है। यह वही जाकिर है जिसकी तलाश में पुलिस उसके ससुराल बंगाल के पंतापाड़ा गई थी और ससुराल वालों ने किशनगंज थानाध्यक्ष अश्रि्वनी कुमार को मॉब लिंचिंग का शिकार बना दिया।

जाकिर ने गत नौ अप्रैल को टेउसा पंचायत ढेकसारा के पास मुश्फिक आलम की बाइक लूटी थी। पीड़ित के द्वारा बाइक लूट की जानकारी दिये जाने के बाद अश्विनी कुमार घटना स्थल पहुंचे थे। जहां मुश्फिक आलम ने जाकिर के द्वारा बाइक लूटने की जानकारी दी गई थी। जानकारी मिलते ही अश्विनी कुमार जाकिर के छगलिया स्थित घर पहुंचे। जहां जाकिर के पंतापाड़ा गांव स्थित ससुराल में छिपे रहने की जानकारी मिली। इसके बाद अश्विनी कुमार ने पांजीपाड़ा पुलिस से जाकिर की गिरफ्तारी में सहयोग करने की मांग की। लेकिन पांजीपाड़ा पुलिस के द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के बाद पुलिस टीम जाकिर की गिरफ्तारी के लिए पंतापाड़ा गांव पहुंची। लेकिन जाकिर के ससुराल ने गांव में डाकुओं के प्रवेश करने का ऐलान मस्जिद से कर दिया। नतीजतन पुलिस टीम को डाकू समझ कर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हालांकि इस दौरान पुलिस टीम किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रही। लेकिन एसएचओ अश्विनी कुमार ग्रामीणों के चंगुल में फंस गए और ग्रामीणों ने पीट पीटकर उनकी हत्या कर दी। बहरहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर रही है। एसपी कुमार आशीष ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।