जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जदिया बाजार में एक फरवरी को एटीएम में कैश डालने जा रहे वैन के गार्ड से 45 लाख रुपए की लूट और गोली मारकर उसकी हत्या मामले में पुलिस ने मधेपुरा जिले से घटना में संलिप्त एक और जदिया से एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। लूट की 9,47,500 रुपए भी बरामद किया। एसपी मनोज कुमार ने गुरुवार की शाम प्रेस वार्ता में बताया कि एक फरवरी को लूट व हत्या को लेकर सदर एसडीपीओ कुमार इंद्रप्रकाश की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई थी। विशेष टीम के सदस्यों द्वारा त्वरित सूचना संकलन, वैज्ञानिक अनुसंधान व प्रत्यक्षदर्शी द्वारा बताए गए अपराधी के हुलिया के आधार पर मामले में संलिप्त दो अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने कहा कि घटना में संलिप्त मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत मजरहट वार्ड-13 निवासी 22 वर्षीय राजेश मंडल को गिरफ्तार किया। जो वर्तमान में जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत परसागढ़ी वार्ड-10 में रहता था। उसके स्वीकारोक्ति व निशानदेही पर लूटी गई अटैची के साथ 9,47,500 रुपए उसके घर से बरामद किया गया। जदिया थाना क्षेत्र के परसागढी उत्तर वार्ड-1 निवासी 23 वर्षीय श्रवण मंडल को प्राप्त साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। घटना में दोनों ने संलिप्तता स्वीकार की है। एसपी ने बताया कि घटना में संलिप्त अन्य अपराधियों की भी पहचान कर ली गई है। लूटी की शेष राशि का भी पता लगाया जा चुका है। जल्द अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी समेत शेष राशि बरामद कर ली जाएगी।
राजेश पर कई थानों में दर्ज हैं दर्जनों मामले
एसपी मनोज कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि अररिया, पूर्णिया, सुपौल व मधेपुरा के अपराधी अंतर जिला लूट गिरोह बनाकर विभिन्न ग्रुप में बंटकर इस तरह की अापराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। गिरोह के लगभग सभी सदस्यों की पहचान हो गई है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त राजेश कुमार के खिलाफ जदिया थाना, राघोपुर थाना, अनुसूचित जाति एवं जनजाति थाना में दर्जनों केस दर्ज हैं। जदिया में हुए इस भीषण लूटकांड में राजेश लाईनर की भूमिका में था।
टीम में शामिल पुलिस कर्मी किए जाएंगे पुरस्कृत
एसपी ने इस विशेष टीम में वीरपुर एसडीपीओ रामानंद कुमार कौशल, त्रिवेणीगंज एसडीपीओ गणपति ठाकुर, त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी गौतम शरण ओमी, जदिया अपर थानाध्यक्ष पंकज कुमार, पिपरा थानाध्यक्ष संतोष कुमार निराला, पुअनि रजनीश कुमार केसरी, पुअनि मनोज प्रसाद सिंह, डीआईयू टीम गोपनीय शाखा के अलावा 12 अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे। इस टीम में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों का पुरस्कृत किया जाएगा।
