सहरसा। शहर के चाणक्यपुरी मुहल्ले में लूट की एक घटना में शामिल एक शातिर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के पास से लूट की एक लाख 15 हजार रुपये बरामद के अलावा दो मोबाइल फोन बरामद की है।
इस संबंध में एसपी लिपि सिंह ने बताया कि गत दिनों शहर के चाणक्यपुरी मुहल्ले में मोबाइल दुकान के एककर्मचारी सुनील कुमार ठाकुर से सात लाख रुपये की लूटपाट हुई थी। इसी मामले में जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के निवासी जयनारायण मेहता के पुत्र सिकेंद्र कुमार की गिरफ्तारी हुई है। इसकी गिरफ्तारी शहर के कारू खिरहरि हॉल्ट के पास से की गई। इसके पास से एक लाख 15 हजार रुपये बरामद किया गया। साथ ही इसने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। साथ ही सिमरीबख्तियारपुर थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यवसायी के साथ हुई लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। गिरफ्तार अपराधी को न्यायालय भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि लूट की घटना को लेकर एसडीपीओ संतोष कुमार के नेतृत्व में एसआइटी टीम गठित की थी। एसआइटी में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक चंदन कुमार, सदर थानाध्यक्ष राजमणि व सिमरीबख्तियारपुरथानाध्यक्ष शामिल थे। साथ ही तकनीकी सेल के अधिकारी भी लगाए गए। इस मामले में पहले से ही 15 मार्च 21 को दो अपराधी आशु कुमार एवं ब्रजेश कुमार को लूट की राशि के साथ गिरफ्तार किया गया था जिसमें दोनों को जेल भेजा जा चुका है, लेकिन इस घटना में दो अन्य अपराधी की भी तलाश जारी है। हालांकि लूट का सरगना अभी पुलिस की गिफ्त से बाहर है जिसकी गिरफ्तारी के लिए सघन रूप से विभिन्न जगहों पर छापेमारी की जा रही है। दो मार्च को हुई थी घटना
-------
विदित हो कि गत दो मार्च, 21 को शहर के चाणक्युपरी मुहल्ला में बैंक में रुपये जमा करने जा रहे संतनगर के कर्मचारी सुनील ठाकुर को गोली मारकर बदमाशों ने सात लाख रुपये नकदी लूट लिये थे। गोली सुनील के जांघ में लगी। जिसके कारण ही उसकी जान बच पाई। एसपी लिपि सिंह ने बताई कि इस मामले में अबतक करीब पौने चार लाख रुपये की बरामदगी हो गई है। फरार अपराधियों की भी शीघ्र गिरफ्तारी होगी। इस मौके पर एसडीपीओ संतोष कुमार, सदर थानाध्यक्ष राजमणि आदि मौजूद थे।
