सहरसा। शहर में मोबाइल कर्मचारी को गोली मारकर सात लाख रुपये लूट को लेकर बुधवार को मोबाइल व्यवसायियों ने एसपी लिपि सिंह को ज्ञापन सौंपकर बढ़ रहे अपराध पर अंकुश लगाने की मांग की है।
ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर एसोसिएशन का एक शिष्टमंडल में शामिल मोबाइल व्यवसायियों ने एसपी को आवेदन देकर व्यवसायियों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। इस बाबत एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष इरशाद आलम एवं सचिव नीरज कुमार ने बताया कि एक दिन पूर्व मंगलवार को मोबाइल वितरक अभिराज ट्रेडर्स के प्रोपराइटर देवेश कुमार सिंह के कर्मचारी सुनील कुमार ठाकुर को बदमाशों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया और उससे करीब सात लाख रुपये लूटकर फरार हो गया। इस घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई अपराधी पकड़ में नहीं आया है। इसके कारण व्यवसायियों में डर का माहौल कायम है। सचिव नीरज कुमार ने कहा कि शहर में करीब तीन सौ से अधिक मोबाइल दुकानदार मोबाइल का व्यापार करते हैं। शहर में प्रखंड स्तर तक लूटपाट, चोरी और छिनतई की घटना घट रही है। इससे पहले भी व्यवसायियों को पूर्ण सुरक्षा एवं अपराध पर रोक लगाने की मांग की जा चुकी है। एसपी मिलने पहुंचे शिष्टमंडल में एसोसिएशन के रौशन झा, मो. शहनवाज उद्दीन, गुडडु, धीरज गुप्ता, संजय गुप्ता, राहुल कुमार, लड्डू गुप्ता, अविनाश कुमार, सुदिप्तो मुखर्जी, ललन गुप्ता, सोनू सिंह, मो. शमीम आदि अन्य मौजूद थे।
