सहरसा। राज्य सरकार के निर्देश पर बुधवार की सुबह सहरसा मंडल कारा में अहले सुबह डीएम कौशल कुमार एवं एसपी लिपि सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की गई। डीएम और एसपी के संयुक्त नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों का दल कारागार पहुंचे और बंदियों के वार्डों की तलाशी शुरू कर दी।
अहले सुबह कारागार के अंदर हुई छापेमारी अभियान से बंदियों के बीच हड़कंप मच गया। छापामारी के दौरान कारा परिसर से ही यूएसबी चार्जर, सिगरेट आदि बरामद किया गया। छापामारी में बंदियों के हर वार्ड की तलाशी बारी- बारी से ली गयी। मंडल कारा में छापामारी करीब दो घंटे से अधिक समय तक चलता रहा। छापामारी अभियान के दौरान मंडल कारा के कर्मी भी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। इससे बंदियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। बंदियों को वार्ड से बाहर निकालकर पुलिस पदाधिकारियों ने तलाशी ली।
कारागार के अंदर हर जगह पुलिस के जवान और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम अपनी नजर बनाए रखी। दो घंटे से अधिक देर तक छापामारी करने के बाद डीएम और एसपी बाहर निकले। इधर जेल अधीक्षक सुरेश चौधरी के बयान पर मंडल कारा के अंदर बरामद सामान को लेकर अज्ञात के विरूद्ध सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया है। छापामारी अभियान में डीएम और एसपी के अलावा सदर अनुमंडल पदाधिकारी शंभूनाथ झा सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी व पुलिस बल मौजूद थे।
