सहरसा। एक शादी समारोह में गोली की फायरिग से शहर के झपड़ा टोला के 32 वर्षीय गंगा शर्मा जख्मी हो गये जिसे शहर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में जख्मी का भाई गोपाल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात 12 मार्च, 21 को मौसेरी बहन की शादी मधेपुरा थाना क्षेत्र के भतरंधा बलुआ परमानंदपुर में थी। शादी में ही बड़े भैया गए हुए थे। शादी मंडप समारोह में ही उन्हें गोली लग गई। गोली उनके बाएं पांव में लगी है। गोली कैसे चली और किसने चलाई, यह पता नहीं चल पाया है।
इधर, जख्मी की पत्नी पार्वती देवी ने सिर्फ इतना ही कहा कि वे अपने रिश्तेदार ओमप्रकाश शर्मा की पुत्री की शादी में गए थे। जहां यह घटना घटी। स्थानीय सूत्रों की मानें तो शादी मंडप पर ही हर्ष फायरिग के दौरान ही गंगा शर्मा के बाएं पैर में गोली लगी। घटना अहले सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बतायी जाती है। जिसे आनन-फानन में शहर के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जाती है। इधर इस घटना को लेकर डीएसपी मुख्यालय बृजनंदन मेहता ने बताया कि घटना परमानंदपुर की है जो मधेपुरा थाना क्षेत्र अंतगर्त आता है।
