Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA NEWS/वारदात:पत्नी पर अभद्र टिप्पणी करने से गुस्साया दोस्त, शराब की टूटी बाेतल से कर दी हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, March 31, 2021

MADHEPURA NEWS/वारदात:पत्नी पर अभद्र टिप्पणी करने से गुस्साया दोस्त, शराब की टूटी बाेतल से कर दी हत्या

वारदात:पत्नी पर अभद्र टिप्पणी करने से गुस्साया दोस्त, शराब की टूटी बाेतल से कर दी हत्या

जिला मुख्यालय के दो विभिन्न स्थानों पर रविवार तथा सोमवार को आपसी विवाद को लेकर दो युवकों की निर्मम हत्या कर दी गई। सदर पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। मंगलवार को मधेपुरा पहंुची तीन सदस्यीय फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। दोनों घटनाओं का कारण शराब माना जा रहा है। सदर थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह ने बताया कि दीपक हत्याकांड में उसकी मां मीना देवी के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है, जबकि रंजित मल्लिक उर्फ सूर्या हत्याकांड में आरोपी शिवा मल्लिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। डाक बंगला निवासी तीन युवकों को भी हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। ज्ञात हो कि सोमवार को सफाईकर्मी रंजीत मल्लिक उर्फ सूर्या व रविवार को दीपक साह की हत्या कर दी गई। होटल के सफाईकर्मी की हत्या महज इसलिए कर दी कि उसने शराब के नशे में आरोपी की पत्नी पर अभद्र टिप्पणी की थी। गिरफ्तार हत्यारोपी वार्ड संख्या-20 निवासी उपेंद्र मल्लिक के पुत्र शिवा ने बताया कि होली के दिन दोपहर लगभग 3.30 बजे दोनों शराब पी रहे थे। इसी दौरान कटिहार जिले के लक्ष्मीपुर पंचायत स्थित बरारी निवासी रंजीत मल्लिक मजाक-मजाक में उसकी पत्नी पर अभद्र टिप्पणी कर दी। जिससे आक्रोशित शिवा ने शराब की एक टूटी हुई बोतल उसके ऊपर फेंका। बाेतल उसके गले तथा सिर में लगी। घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी शिवा को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार रात पुलिस ने छापेमारी कर अमर मल्लिक, प्रकाश मल्लिक तथा पवन मल्लिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

नाश्ता दुकानदार की गला रेतकर हत्या, शव के पास से मिली शराब
गुलजारबाग निवासी दीपक साह जिला परिषद कार्यालय के समक्ष नाश्ता की दुकान करता था। शनिवार की शाम उसके मोबाइल पर किसी ने कॉल कर उसे बुलाया। वह अपना मोबाइल अपने चचेरे भाई रॉकी राय के पास चार्ज में लगा दिया तथा वहां चला गया। सुबह शौच जाने के दौरान लोगों ने देखा कि पश्चिमी बाइपास से पश्चिम स्थित बांध के नीचे गेहूं के खेत में एक युवक का शव पड़ा है। शव की पहचान दीपक साह के रूप में की गई। घटना की जानकारी सदर एसडीपीओ अजय नारायण यादव को दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शव के पास देसी शराब के दो पाउच रखे थे। दीपक के हाथ में साइकिल की एक चाबी भी थी। थाने में दिए गए आवेदन में मृतक की मां मीणा देवी ने कहा है कि 28 मार्च की सुबह 9 बजे जानकारी मिली कि पछवरिया बांध के पास उसके बेटे दीपक कुमार की गला रेतकर हत्या कर दी गयी है। कहा कि 27 मार्च की शाम 7 बजे उनके बेटे के मोबाइल पर 9608542226 नंबर से कॉल आया था।

दीपक हत्याकांड की जांच कर रही है पुलिस
दीपक हत्याकांड के कारणों के खुलासे को ले पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी की जाएगी।
-अजय नारायण यादव, सदर एसडीपीओ