मधेपुरा : बुधवार को नगर परिषद ने अपना वित्तीय बजट पेश किया। इसमें पांच करोड़ 76 लाख 65 हजार का घाटा दिखाया गया। पिछले बार की तरह इस बार भी मुख्य पार्षद सुधा कुमारी के अनुपस्थिति में उपमुख्य पार्षद मनीष कुमार मिटू ने विशेष बैठक की अध्यक्षता की। इसके तहत तीन अरब 41 करोड़ 13 लाख 35 हजार का बजट पेश किया गया। नए वित्तीय वर्ष के लिए नगर परिषद ने प्रस्तावित राशि के खर्च का लक्ष्य निर्धारित किया है। निर्धारित बजट में आवास योजना में 90 करोड़, ड्रेनेज व पीसीसी में दो अरब 13 करोड़, स्ट्रीट लाइट में पांच करोड़, वाटर सप्लाइ में 10 करोड़ खर्च करने की योजना है। वहीं सरकार से तीन अरब 78 करोड़ से ज्यादा की मांग की गई है। बैठक में वार्ड पार्षदों ने मुख्य रूप से नगरपरिषद क्षेत्र में सफाई पर विशेष रूप से काम करने का निर्णय लिया है। वहीं शहर को स्मार्ट बनाने के लिए पार्क में वाटर फ्लोर के अलावा अन्य कार्य पर खर्च करने की योजना है। इसके अलावा सभी वार्डों में बेहतर पेयजल व्यवस्था, नाली-गली, सड़क सुविधा तथा आवास योजना के अलावा पार्किंग व्यवस्था आदि के लिए राशि निर्धारित की गई है। बैठक में कुछ पार्षदों ने पीसीसी सड़क के मेनटेनेंस पर भी चर्चा किया। पार्षदों का कहना था कि सड़क बनने के बाद मनटेनेंस पर भी बजट होनी चाहीए। इस पर ईओ ने कहा कि काम की स्वीकृति के दौरान ही संवेदक से मेनटेनेंस पर बात होती है। लेकिन इसे बढ़ाया जा सकता है। बजट सत्र की बैठक में पार्षदों ने शहर के बेहतर विकास के विभिन्न प्रस्ताव पर जमकर चर्चा की। इसमें लोगों को पेयजल सफाई गली नालियों का पक्कीकरण के अलावा नगर परिषद से मिलने वाली अन्य सुविधाओं को और बेहतर ढंग से लोगों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान बैठक की अध्यक्षता कर रहे उपमुख्य पार्षद ने सभी पार्षदों को साथ लेकर चलने तथा नगर के सभी वार्डों का बेहतर विकास के संकल्प को फिर से दोहराया। बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने किया।
