छपरा,कोशी लाइव संवाददाता। Murder in Chapra: बिहार के सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के भुसाव पंचायत के वार्ड नंबर 12 के सदस्य सद्दाम हुसैन की हंसराज पुर गांव की खेत में गोली मारकर मंगलवार की रात में अपराधियों ने हत्या कर दी। वार्ड सदस्य के हत्या की जानकारी पुलिस एवं परिजनों को बुधवार की सुबह में हुई, जिसके बाद पुलिस खोजबीन में जुट गई।
मुखिया का चुनाव लड़ने की कर रहे थे तैयारी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हरिहरपुर गांव निवासी एवं वार्ड सदस्य सद्दाम हुसैन अपने पंचायत से मुखिया का चुनाव लड़ने के लिए जनसंपर्क अभियान में जुटा हुआ था। इसी को लेकर मंगलवार की रात में भी वह जनसंपर्क अभियान कर रहा था। जिसके बाद वह घर लौट कर नहीं गया। बताया जाता है कि रात्रि में ही बनियापुर थाने की गश्ती पुलिस को सद्दाम हुसैन की बाइक एवं मोबाइल हंसराज पुर गांव के सड़क किनारे खड़ी मिली। मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन एवं पुलिस उसकी खोजबीन में जुट गए।
घर से 100 मीटर दूरी पर ही मिला शव
पुलिस और परिवार की खोजबीन के दौरान घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर खेत में सद्दाम हुसैन का शव बरामद किया गया है। उसके सिर में गोली मारी गई है, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि रात्रि 8:00 बजे तक सद्दाम हुसैन देखा गया है। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस मोबाइल सर्विलांस एवं अन्य तकनीकों से मामले की तहकीकात में जुट गई है। इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बाहर हाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। बताया जाता है कि जिस जगह पर युवक का शव बरामद हुआ है उसके 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे उसकी बाइक एवं मोबाइल को पुलिस ने बरामद किया है।
