पूर्णिया [राजीव कुमार]। केनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार गांधीगीरी दिखाते-दिखाते दादागीरी पर उतर आए। उनके इस कारनामे का खुलासा एक वायरल वीडियो से हुआ है। इस वीडियो में बीडीओ हाथ में डंडा दिखाते हुए थूकने वाले युवक से थूकने वाले स्थल की सफाई कराते दिख रहे हैं। युवक ने आरोप लगाया है कि बीडीओ ने स्थल की सफाई करवाकर कर्मचारी से उसका वीडियो भी बनवा लिया है।
केनगर थाना क्षेत्र के ही रहने वाले सौसा गांव निवासी पीडि़त युवक राजा ने इसकी शिकायत प्रभारी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से मिलकर की है। राजा ने कहा है कि उसने कुछ दिन पहले ही उसने ऑपरेशन कराया है। उसकी तबीयत में ठीक नहीं चल रही थी। इसी बीच 16 मार्च को वह केनगर प्रखंड कार्यालय आय प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए गया। आरटीपीएस काउंटर पर भीड़ अधिक रहने एवं लाइन लंबी रहने के कारण उसे चक्कर आने लगा। इसके बाद वह कतार छोड़कर बाहर आ गया तथा प्रखंड कार्यालय के किनारे जहां पहले से गंदगी थी, वहां चक्कर आने के कारण उसने थूक दिया। इसके बाद उसी वक्त बीडीओ वहां आ धमके तथा उसकी पिटाई शुरू कर दी। बीडीओ ने अपने कार्यालय में भी ले जाकर उसकी पिटाई की तथा फिर हाथ में डंडा लेकर उसे जबरन थूके गए स्थल की सफाई करने को कहा। युवक ने जब ऐसा करने से मना किया तो बीडीओ ने पीटने की धमकी दी। पीडि़त युवक पर बीडीओ ने गुटखा या खैनी खाने का आरोप लगाया, लेकिन राजा ने कहा कि वह खैनी-गुटखा नहीं खाता है। युवक की सफाई करने का वीडियो वायरल हो गया है।
इस मामले में कोई भी आधिकारिक बयान पटना से वापस लौटने के बाद ही देंगे। अभी उच्च न्यायालय के काम से पटना निकल रहे हैं। - सत्येन्द्र सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी, केनगर
युवक ने केनगर बीडीओ के संबंध में लिखित रूप से शिकायत की है। इस मामले की जांच कराई जाएगी। - तारिक इकबाल, एडीएम सह प्रभारी डीएम
