वारदात:मादक पदार्थों की तस्करी में वर्चस्व को ले पथराहा में 20 राउंड गोलीबारी, विरोध में ढाई घंटे रोड जाम
थाना क्षेत्र के पथराहा चौक पर रविवार की दोपहर दिनदहाड़े वर्चस्व की लड़ाई में सहरसा जिले से आए एक पक्ष के बाइक सवार लड़कों ने दुकानदारों में दहशत फैलाने की नीयत से 15 से 20 राउंड गोलीबारी। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा बरामद किया। गनीमत रही की एक भी गोली किसी दुकानदार या राहगीर को नहीं लगी। बाद में पुलिस ने जब उनलोगों का पीछा किया तो दो बाइक छोड़कर लड़के फरार हो गए। बताया जा रहा है कि विवाद का कारण उस क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी में एकाधिकार है। दूसरी ओर, घटना से आक्रोशित दुकानदारों ने बाद में पथराहा चौक पर रोड को ढाई घंटे के लिए जाम कर दिया। बताया गया कि पथराहा से सटे सहरसा जिले के मुसहरनियां और भगवानपुर गांव के दो गुट में पथराहा इलाके में नशीला पदार्थ की बिक्री करने को लेकर विवाद चल रहा था। मामले को लेकर दिन में दूसरे जगह ही उनलोगों का विवाद हुआ। इसके बाद दोनों गुट के लड़के पथराहा चौक पर आए। यहां उनलोगों के बीच समझौता जैसा हो गया। इसके बाद दोनों गुट के लड़के वहां से चले गए। लेकिन कुछ ही देर के बाद दोपहर करीब दो बजे एक गुट के सात-आठ लड़के चार बाइक पर सवार होकर दोबारा पथराहा चौक पर आ गए। सभी लड़के सड़क के दोनों छोर पर बंट गए और ताबड़तोड़ 15 से 20 राउंड गोली हवा में फायर करते हुए वहां से बाइक पर सवार हो कर बनचोलहा की आेर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लड़कों का पीछा शुरू किया। लगभग 2 किलोमीटर पीछा करने के बाद लड़के दो बाइक छोड़कर गेहूं की खेत में भाग गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों बाइक को जब्त कर लिया।
पुलिस अधीक्षक के आश्वासन पर टूटा जाम
बताया गया कि घटना से आक्रोशित दुकानदारों ने कार्रवाई की मांग को लेकर दोपहर लगभग तीन बजे पथराहा चौक को जाम कर दिया। दुकानदारों का कहना है कि चौक पर आए दिन उपद्रवी आकर हंगामा करते रहते हैं। इससे उनका व्यवसाय तो प्रभावित होता ही है, लोगाें में हमेशा दहशत का माहौल भी बना रहता है। वे लोग एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। दुकानदारों ने बताया कि बाद में लगभग साढ़े पांच बजे एसपी योगेंद्र कुमार से उनलोगों की वार्ता हुई। एसपी ने आश्वासन दिया कि अगले दिन आकर वे दुकानदारों की परेशानियों के बाबत जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई करेंगे। इसके बाद दुकानदारों ने जाम हटा लिया।
हत्याकांड में फंसाने का आरोप लगा एनएच-106 किया जाम
सिंहेश्वर | गौरीपुर वार्ड-13 में शनिवार को हुई एक वृद्ध की हत्या के आरोप में लक्ष्मण कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में वार्ड के लोगों ने एनएच-106 को रविवार को एक घंटे तक जाम कर दिया। गौरीपुर निवासी सीता देवी, अनीता देवी, सुलेखा देवी ने बताया कि 80 साल का बीमार कैंसर से पीड़ित जगदीश यादव की स्वाभाविक मौत हुई थी। लेकिन फंसाने की नीयत से भूमि विवाद के कारण वेवजह 4 लोगों को फंसाया जा रहा है। पुलिस के समझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गौरीपुर पंचायत वार्ड-13 निवासी जगदीश यादव की मौत हो लेकर मृतक की बेटी छोटी दाय देवी ने थाने में आवेदन देकर अपने ही गांव के शंभू यादव, डब्ल्यू यादव, लक्ष्मण यादव व पिंटू दास को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। अपने आवेदन में मृतक की बेटी ने कहा कि शनिवार की देर रात जब सभी सो रहे थे, अचानक चहलकदमी की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उन्हें लगा कि कोई भैंस चोरी करने आया है। जब वह बाहर निकली तो आवाज उसके पिता के घर से निकल रही थी। जब पास जाकर देखा तो पिता के बेड के पास चारों और से सभी खड़े थे। शंभू यादव गला दबा रहा था। पिता की हालत देखकर वह सहम गई और शोर मचाने लगी। लोगों को आता देख सभी आरोपी फरार हो गए। दूसरी ओर, जाम कर रहे विपक्षियाें का कहना है कि जगदीश यादव की हत्या नहीं की गई है, बल्कि उनकी मौत स्वभाविक हुई है। वे कई वर्षों से बीमार चल रहे थे।
