Kosi Live-कोशी लाइव खगड़िया/हंगामा:ससुराल में डूबकर युवक की मौत, मुआवजे को ले परिजनों ने एनएच-107 किया जाम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 18, 2021

खगड़िया/हंगामा:ससुराल में डूबकर युवक की मौत, मुआवजे को ले परिजनों ने एनएच-107 किया जाम


बेगूसराय जिले के विष्णुपुर आहोक पंचायत के रजौड़ा गांव में बीते मंगलवार को चौथम थाना क्षेत्र के करुआमोड़ निवासी 25 वर्षीय राजेंद्र मल्लिक की गंडक नदी में डूबकर मौत हो गई थी। बुधवार को मृतक का शव खगड़िया स्थित उनके पैतृक आवास पर लाया गया। जहां शव पहुंचते ही आक्रोशित लोगों ने मुआवजा नहीं मिलने की बात सुनते ही एनएच-107 जाम कर दिया और प्रशासन के विरोध में नारेबाजी करने लगे।

लोगों का कहना था कि मृतक गरीब परिवार के लोग हैं। मुआवजे की राशि के लिए उनलोगों का कार्यालय का चक्कर लगाना किसी भी दृष्टिकोण से संभव नहीं है। अधिकारी मुआवजे की राशि नहीं देना चाहते हैं। इस वजह से टाल-मटोल के लिए उनलोगों को बेगूसराय से खगड़िया भेज दिया गया। आक्रोशित लोगों का यह भी कहना था कि हाल- फिलहाल जिले में जितनी भी घटनाएं हुई हैं।

उनसभी में डीएम के पहल पर घटना स्थल पर ही मृतक के परिजनों को चेक दिया गया है। फिर राजेंद्र मल्लिक को बेगूसराय से खगड़िया बगैर मुआवजे की राशि दिए ही क्यों भेज दिया गया। मौके पर मौजूद चौथम थानाध्यक्ष मुरारी कुमारी समेत जिला परिषद सदस्य प्रवीण कुमार के समझाने पर आक्रोशित परिजन शांत हुए। दोनों ने आक्रोशित परिजनों को मुआवजे के साथ हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। तब लगभग 2 घंटे बाद जाम को हटाया जा सका। वहीं मौके पर मौजूद जिप सदस्य ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

जाम के कारण फंसे रहे यात्री, परेशानी
एनएच 107 के जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह 7 बजे का समय होने के कारण जाम में छोटी गाड़िया ज्यादा फंसी हुई थी। इसमें से अधिकांश लोग लंबी सफर के लिए निकले थे। जाम समाप्त होने के दो घंटे बाद भी एनएच 107 की स्थिति सामान्य नहीं हो पायी थी।

एनएच 107 के चौड़ीकरण का कार्य तेज गति से होने के कारण सड़क के दोनों किनारे फ्लैंक को खोद कर मैटेरियल डालने का काम किया जा रहा है। इस वजह से गाड़ी को आवाजाही करने में काफी परेशानी हो रही थी। हालांकि लगभग ढ़ाई घंटे बाद एनएच 107 पर परिचालन सामान्य हुआ। इसके बाद लोगों व यात्रियों ने राहत की सांस ली।

मृतक सोमवार को सुअर लेकर गंडक नदी किनारे गया था
बेगूसराय जिले के विष्णुपुर आहोक पंचायत के रजौड़ा गांव के समीप मोइन नदी में डूबने से बीते मंगलवार को एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के करूआमोड़ निवासी 25 वर्षीय राजेन्द्र मल्लिक के रूप में हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक रजौड़ा गांव निवासी नारायण मल्लिक का दामाद हैं जो अक्सर परिवार के साथ अपने ससुराल में ही रहते थे।

ग्रामीणों का कहना है कि मृतक सोमवार को सुअर को लेकर पास मौजूद गंडक नदी के मोइन में गया हुआ था। जहां स्नान करने के दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया। जिससे डूब कर उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास करने के बाद युवक के शव को नदी से बाहर निकाला। जिसकी सूचना मिलने पर पहुंची साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।