Kosi Live-कोशी लाइव Bihar: फिर बेटी होगी के शक में डेढ़ साल की मासूम की कर दी हत्या, अल्ट्रासाउंड वाले ने दी थी तीसरी बार भी बेटी होने की रिपोर्ट - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, February 2, 2021

Bihar: फिर बेटी होगी के शक में डेढ़ साल की मासूम की कर दी हत्या, अल्ट्रासाउंड वाले ने दी थी तीसरी बार भी बेटी होने की रिपोर्ट

कोशी लाइव डेस्क:

मधुबनी। क्या ऐसा हो सकता है कि एक मां डेढ़ साल तक जिस बच्ची को अपना दूध पिलाकर पाला-पोसा, उसकी ही जान ले ले। सुनने में तो यह अजीब लगता है, लेकिन एक कलयुगी मां ने यह घिनौना काम किया है। घटना लदनियां थाना क्षेत्र के ठाढ़ी गांव की है।

सोमवार की देर शाम डेढ़ साल की बच्ची आशिका के अचानक गायब होने की खबर फैली। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस व ग्रामीणों ने बच्ची को काफी तलाशा, पर वह कहीं नहीं मिली। लोग अवाक थे कि आखिर घर के कमरे में चैन से सो रही डेढ़ साल की बच्ची अचानक गायब कैसे हो गई। जांच के दौरान पुलिस को बच्ची को मां पर शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ हुई तो 24 वर्षीय मां सिया देवी ने सच उगल दिया। सच मां की ममता को शर्मसार करने वाला निकला।

भ्रूण के ङ्क्षलग परीक्षण के बाद उठाया कदम :

सिया देवी पांच माह की गर्भवती है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि खुटौना स्थित लाइफ केयर डायग्नॉस्टिक अल्ट्रासांउड सेंटर में 29 दिसंबर को वह जांच के लिए गई थी। इस दौरान उसने गर्भ में पल रहे भ्रूण का ङ्क्षलग परीक्षण कराया। पता चला कि गर्भ में बच्ची है। उसे पहले से दो पुत्रियां थीं। तीसरी बार पुत्री को जन्म देने की आशंका और पति व समाज के ताने के डर से उसने यह कदम उठाया।

बच्ची के गुम होने की अफवाह फैलाई :

बताया कि सोमवार की शाम परिवार के अन्य लोग भोज खाने गए हुए थे। मौके का फायदा उठाकर उसने अपनी डेढ़ साल की बच्ची आशिका कुमारी को घर के उत्तर जलकुंभी से भरे डबरे में डाल दिया और बच्ची के गुम होने की अफवाह फैला दी।

पहले से दो पुत्रियां होने के कारण तानों से थी परेशान :

महिला की निशानदेही पर पुलिस ने बच्ची का शव मंगलवार की सुबह डबरा से बरामद कर लिया। इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। जो सुनता है वह अपने कानों पर यकीन नहीं कर पाता। महिला का कहना है कि उसका पति राजीव राय दिल्ली में नौकरी करता है। आर्थिक तंगी के कारण बच्ची का पालन-पोषण मुश्किल था। पहले से दो पुत्रियां होने के कारण उसे हमेशा इस बात का ताना सुनना पड़ता था। इसी से आजिज होकर उसने यह अपराध कर दिया।

अल्ट्रासाउंड संचालक गिरफ्तार :

लदनियां थाना पर मंगलवार को प्रेसवार्ता करते हुए एएसपी शौर्य कुमार सुमन ने बताया कि खुटौना में अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड केंद्र का संचालन करने एवं भ्रूण परीक्षण के आरोप में अल्ट्रासाउंड संचालक विनोद यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। अल्ट्रासाउंड केंद्र पर कार्यरत चिकित्सक डॉ. प्रवीण रंजन के विरुद्ध भी खुटौना थाने में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।