बांका। गायब युवती शादी कर लौटी है। मामला प्रखंड के आनन्दपुर ओपी के असुठा गांव की है। स्थानीय निवासी चन्द्रिका दास ने पिछले दिनों आनन्दपुर ओपी में आवेदन देकर अपनी पुत्री खुशबू कुमारी के गायब होने का आवेदन दिया था। पुलिस मामले की छानबीन कर ही रही थी कि बुधवार को खुशबू कुमारी अपने प्रेमी के संग शादी रचाकर पति सहित पुलिस के समक्ष उपस्थित हो गयी। स्थानीय लोगों की पहल पर दोनों की शादी को स्वजनों ने स्वीकार कर लिया।
बताया जाता है कि खुशबू अपने ही गांव के रंजय कुमार दास से प्यार करती थी और शादी करना चाहती थी। पर परिवार के लोग खुशबू की शादी दूसरी जगह करना चाहते थे।
इसी के कारण दोनों ने घर से भागने का निर्णय लिया और बांका शहर स्थित तारा मंदिर में दोनों ने शादी रचायी। इसके बाद कोर्ट से शपथपत्र बनवा कर पुलिस के समक्ष उपस्थित हो गयी। लड़की के पिता ने लड़की को भगाकर ले जाने का आरोप लगाया था। दोनों की उपस्थिति पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई से पीछे हट गई।
दोनों के स्वजन नहीं थे सहमत
जब युवती और युवक शादी कर गांव लौटे तो दोनों में से किसी का परिवार इस शादी को लेकर तैयार नहीं थे। वे लोग इससे खुश नहीं थे। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में दोनों पक्षों के लोग शामिल हुए। काफी गहमा गहमी के बाद दोनों के स्वजन स्थानीय लोगों के कहने पर राजी हुए। इसके बाद युवक अपनी प्रेमिका को लेकर वापस अपने घर लौटा। इसको लेकर गांव में पूरे दिन चर्चा होते रही। लोगों ने बताया कि पहले वे लोग घर वालों की मर्जी से शादी करना चाहते थे, लेकिन जब उनके स्वजन शादी के लिए तैयार नहीं हए तो वे लोग घर से फरार हो गए। इसके बाद उन लोगों ने मंदिर में शादी कर ली।
