Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Weather Alert: फिलहाल हाड़ कंपाने वाली ठंड से राहत नहीं, 2 फरवरी तक ऑरेंज अलर्ट - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, January 31, 2021

Bihar Weather Alert: फिलहाल हाड़ कंपाने वाली ठंड से राहत नहीं, 2 फरवरी तक ऑरेंज अलर्ट


पटना. बिहार के लोगों को फिलहाल ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों यानी दो फरवरी तक औरेंज अलर्ट (Orange Alert In Bihar) जारी किया है साथ ही लोगों से सचेत रहने की भी अपील की है. ठंड का कहर इस कदर है कि लोग कोहरा और शीतलहर (Cold Wave) दोनों का सामना एक साथ कर रहे हैं. मौसम विभाग ने भी चार फरवरी से मौसम में सुधार के आसार जताए हैं. विभाग की मानें तो बिहार में अगले दो दिनों में हवाओं की रफ्तार में आंशिक कमी आएगी.
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा के मुताबिक औरेंज अलर्ट येलो अलर्ट से बाद और रेड अलर्ट से पहले की बीच की स्थिति है. औरेंज अलर्ट का सीधा मतलब है ठंड खतरनाक स्थिति की ओर बढ़ रहा है और ठंड से बचाव की तैयारी बेहद जरूरी है. बिहार के पश्चिमी भाग में पूर्वी भाग की अपेक्षा ठंड ज्यादा रहेगी. इससे पहले शनिवार को दोपहर बाद निकली धूप ने लोगों को ठंड से थोड़ी राहत दी है.


रविवार को सुबह में कोहरे की स्थिति बनी है लेकिन दिन में धूप देर से निकलने के भी आसार हैं. राज्य के अधिकतर हिस्सों में घने कोहरे की स्थिति से न्यूनतम पारे में खासे गिरावट के आसार हैं. मोसम विभाग की मानें तो चार फरवरी के बाद पुरवा हवा से ठंड में कमी आएगी.
राज्य में कड़ाके की ठंड की वजह से न्यूनतम पारा काफी तेजी से नीचे आया है. गया में इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान तीन डिग्री दर्ज किया गया. आरा-बक्सर, भागलपुर, मुजफ्फरपुर के लोग भी ठंड से बेहाल हैं. जमुई में 8.5, बक्सर में 7.5 शिवहर में 8.2, वाल्मिकीनगर में 6, भोजपुर 6.8 डिग्री, पूर्णिया में 9.9, मुजफ्फरपुर में 9.6, छपरा में 7.1, सुपौल में 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.