Kosi Live-कोशी लाइव Bihar: दरवाजे से पालतू कुत्ते को भगाने पर पिस्टल की बट से मारकर छात्र का सिर फोड़ा, जांघ व पैर में मारी 3 गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, January 23, 2021

Bihar: दरवाजे से पालतू कुत्ते को भगाने पर पिस्टल की बट से मारकर छात्र का सिर फोड़ा, जांघ व पैर में मारी 3 गोली


बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाने की साइन पंचायत के मधुकर छपरा गांव में शुक्रवार शाम आपसी विवाद में बीसीए के छात्र केशव कुमार (22) को गोली मार दी गई। उसे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने जांघ व पैर में तीन गोली लगने की बात बतायी है। उसकी हालत गंभीर है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। एसआई सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि आपसी विवाद में गोली मारने की सूचना मिली है। छानबीन की जा रही है। घायल के बयान पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। आरोपित व पीड़ित पक्ष पड़ोसी हैं।

वहीं केशव के पिता अरविंद मिश्रा ने पुलिस को बताया कि बीते गुरुवार को उनके दरवाजे पर पड़ोस के युवक का पालतू कुत्ता आ गया था।

गंदगी फैलाने पर कुत्ते को भगा दिया था। इसको लेकर आरोपित युवक से विवाद हुआ था। उसने गाली-गलौज करने के साथ धमकी दी थी।

शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे केशव आटा पिसाने जा रहा था। इस दौरान भेड़िया चौक के पास आरोपित ने घेरकर मारपीट की। पिस्टल की बट से मारकर केशव का सिर फोड़ दिया। फिर गोली मार दी व फरार हो गया। घटना की जानकारी पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस की मदद से परिजन केशव को कांटी पीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। पुलिस को आरोपितों से पूर्व से जमीन विवाद होने की भी बात बतायी है। अरविंद मिश्रा ने मुशहरी प्रखंड में सरकारी कर्मचारी हैं।