भागलपुर मोजाहिदपुर इलाके में पत्नी को जुए में हारने के बाद जबरन सामुहिक दुष्कर्म कराने का मामला सामने आया है। जिससे हड़कंप मच गया है। यही नहीं पीडि़ता का आरोप है कि जब उसने दुष्कर्म का विरोध किया तो आरोपित पति ने उस पर तेजाब उड़ेल दिया। किसी तरह वह घायल हालत में ही जान बचाकर लोदीपुर स्थित अपने मायके भाग गई। स्वजनों ने गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। महिला महादलित है।
मामला दो नवंबर का है। जब पत्नी की हालत ठीक हुई तो वह पति के डर से पुलिस के पास ना जाकर शनिवार की रात लोदीपुर, जीछो निवासी भाजपा दीपक सिंह के पास पहुंची। महिला की आपबीती सुनने के बाद उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी एसएसपी आशीष भारती और मोजाहिदपुर थाने को दी। एसएसपी के निर्देश पर पीडि़ता को महिला थाने भेजा गया। मोजाहिदपुर और महिला थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहले मोजाहिदपुर पुलिस महिला के पास पहुंची, लेकिन वह सामने नहीं आई। अब महिला थाने को जांच की कमान सौंपी गई है। महिला ने वाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दी है।
पत्नी का आरोप है कि उसके शादी के 10 साल हो गए हैं। वह मां नहीं बन सकी। इस कारण पति उसे अक्सर टार्चर करता था। इस कारण जुए में हारने के बाद उसको ही दांव पर लगा दिया। पीडि़ता का आरोप है कि पति ने उसके प्राइवेट पार्ट में भी तेजाब डाला है। हालांकि मेडिकल जांच के बाद के ही दुष्कर्म और तेजाब हमले की पूरी कहानी सामने आएगी। एसएसपी ने महिला का लिखित आवेदन मंगवाया जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
महिला के साथ इस तरह की घटना की शिकायत मिलते ही मैंने थानाध्यक्ष को कार्रवाई का निर्देश दिया। केस का आईओ महिला थाना प्रभारी को बनाया गया है। महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- आशीष भारती, एसएसपी
