मधेपुरा। जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मंजौरा बाजार में सोमवार की देर संध्या बदमाशों ने जिला परिषद सदस्य रीना जायसवाल के पति अनिल जायसवाल को गोली मारकर जख्मी कर दिया है। उन्हें दो गोली लगी है। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया है। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के समय अनिल अपने सिमेंट फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने ताबड़तोड़ चार फायरिंग की। इसमें अनिल के शरीर में दो गोली लगी है। एक गोली हाथ और दूसरा गोली कमर के ऊपर लगी है।
आसपास के लोगों ने बताया कि बदमाश बाइक पर सवार था। गोली मारने के बाद बदमाश वहां से भाग निकले। कारोबार स्थल पर से कुछ दूरी पर मंजौरा बाजार में ही उनका घर है। जहां घर से स्वजन भी पहुंचे। आनन- फानन में लोग स्थानीय उपचार के बाद अनिल को ईलाज के लिए पूर्णिया ले गए। मंजौरा बाजार से दर्जनों वाहन पर सवार लोग उनके ईलाज के लिए साथ गए हुए हैं। मंजौरा बाजार व आसपास के गांव के लोगों में दहशत है। आखिर, बदमाशों ने गोली क्यों मारी यह साफ नहीं हो पाया है।
उल्लेखनीय हो कि अनिल की पत्नी रीना जायसवाल उदाकिशुनगंज प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र से जिला परिषद के सदस्य हैं। जबकि अनिल लगातार दस साल तक मुखिया रह चुके हैं। वर्ष 2016 में पत्नी जिला परिषद सदस्य बनी। बहरहाल वारादात को लेकर कोई मुंह खोलने को तैयार नहीं है।
