Madhepura Crime: मुरलीगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गत नवटोल निवासी योगेन्द्र दास (60) को बदमाशों ने सोये अवस्था में शनिवार के रात्रि गोली मारकर हत्या कर दी। गोली सिर में मारी गई। इससे उनकी मौत मौके पर ही हो गई। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
मुआवजे की मांग कर रहे थे लोग
घटना से गुस्साए लोगों ने एनएच 107 को नवटोल के पास जाम कर दिया। वहीं वरीय पुलिस अधिकारियों के आने व मुआवजा की मांग कर रहे थे। स्वजनों ने बताया कि मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मृतक को दो पुत्र व एक पुत्री है। दोनों पुत्र दिल्ली में मजदूरी करता है। मालूम हो कि दो साल पहले नवटोल के संजय दास व मोहन मंडल की पत्नी की हत्या कर दी गई थी। गांव में हो रहे लगातार हत्या से लोगों में भय का महौल है। प्रभारी थानाध्यक्ष धनेश्वर मंडल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं सीओ मुकेश कुमार सिंह ने भी पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश की। लेकिन लोग नहीं माने। समाचार लिखे जाने तक जाम नहीं हटाया गया था।
एक दिन पहले बाप ने बेटे को मार दिया था
मधेपुरा के गैडियारी में एक दिन पूर्व पुस्तैनी जमीन बेचने से मना करने पर एक पिता ने बेटे की जान ले ली थी। हालांकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित पिता को हिरासत में ले लिया था। इससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
हाल के दिनों में बढ़ा अपराध
मधेपुरा में हाल के दिनों में अपराध बढ़ गया है। दाे दिन पहले शहर में कार का शीश तोड़ कर चार लाख रुपये डीआरडीए के सामने से उचक्के उड़ा ले गए। इस मामले में भी पुलिस के हाथ अभी तक खाली है। पुलिस अब तक आरोपित तक नहीं पहुंच सकी है।

