Kosi Live-कोशी लाइव बिहार: विवाहित महिला को किया अगवा, सिर के बाल काटे, निर्वस्त्र करने की कोशिश, जबरन मांग में भरवाया सिंदूर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, November 20, 2020

बिहार: विवाहित महिला को किया अगवा, सिर के बाल काटे, निर्वस्त्र करने की कोशिश, जबरन मांग में भरवाया सिंदूर


बिहार के दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के आधारपुर गांव में दीपावली की दोपहर कुछ सामंती तत्वों के अमानवीय कृत्य से गांव के लोग शर्मशार हैं। प्रेम प्रसंग में भागी युवती के परिजनों ने आरोपी युवक के घर पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया। घर में जमकर तोड़फोड़, मारपीट, लूटपाट की। इतने से मन नहीं भरा तो दिन दहाड़े घर की महिलाओं के साथ अशिष्ट व्यवहार कर जबर्दस्ती का प्रयास किया।

परिजनों के विरोध तथा ग्रामीणों को जुटते देख आरोपी युवक की मां को जबरन घर से उठाकर राम टोला ले गये। वहां अगवा की गयी महिला के सिर के बाल को काटकर दबंगों ने एक अनुसूचित जाति के दिव्यांग के हाथों उसकी मांग में जबरन सिंदूर भरवाया।

महिला को निर्वस्त्र करने की कोशिश भी की गयी। गांव के लोगों की जमा भीड़ में से किसी ने दबंगों से महिला को बचाने की कोशिश नहीं की। इस पूरे मामले को गांव में आपसी पंचायत के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया गया। मामला सोशल मीडिया पर आने के बाद घनश्यामपुर थाने तक पहुंच गया।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि गांव की एक इंटर की छात्रा अपने पड़ोस के एक सर्वजातीय युवक के साथ भाग गयी। इस मामले में लड़की की चाची ने थाने में गांव के सोनू कुमार सहित सात लोगों के विरुद्ध अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। इस बीच प्रेमी युगल ने शादी रचाकर फोटो फेसबुक पर वायरल कर दी।
इस घटना से आहत तथा आक्रोशित लड़की पक्ष के लोगों ने कानून अपने हाथ में लेकर लड़का पक्ष के घर में जमकर भड़ास निकाली। इतना सब कुछ होने के बावजूद एक भी ग्रामीण दबंगों का विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा रहे थे। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से सम्बंधित थाना घनश्यामपुर में मामला दर्ज कर त्वरित कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

शादी का वीडियो वायरल

एसडीपीओ दिलीप कुमार झा ने बताया कि गांव की ही इंटर में पढ़ रही छात्रा से प्रेम प्रसंग का मामला चल रहा था। प्रेम प्रसंग का मामला आगे बढ़ने पर प्रेमी युगल घर से भाग गये। इस बीच लड़की पक्ष के परिजनों ने घनश्यामपुर थाने में प्रेमी लड़का सहित उसके परिजन पर अपहरण का मामला दर्ज कराया था। इसी बीच प्रेमी लड़के पर एफआईआर दर्ज होने की सूचना मिलने पर रचाई गई शादी का वीडियो वायरल कर लड़की से रजामंदी से शादी का प्रमाण सोशल मीडिया पर भेजना शुरू कर दिया। इसे देखते ही लड़की पक्ष ने आपा खो दिया और मानवता की सभी हदें पार कर दी।

दो आरोपित गिरफ्तार
आधारपुर कांड के सिलसिले में पुलिस ने छापेमारी में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि गांव के ही शिवजी झा तथा बबन झा को आधारपुर तथा गनौन चौक से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव में अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पीडि़त परिवार की सुरक्षा के लिए गांव में पुलिस बल तैनात है। बाकी बचे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी जारी है।

एसडीपीओ ने किया आधारपुर कांड का पर्यवेक्षण
बिरौल एसडीपीओ दिलीप कुमार झा ने सोमवार की दोपहर आधारपुर गांव जाकर मामले की तहकीकात की। एसडीपीओ पीड़ित परिवार के घर गये तथा घटना के संबंध में उनसे जानकारी ली। उन्होंने ने पीड़ित परिवार को पूर्ण सुरक्षा दिये जाने की जानकारी दी। घटना का पीओ राम टोला जाकर एसडीपीओ ने महिला के बाल काटे जाने तथा मांग में जबरन सिन्दूर डलवाने के संबंध में पूछताछ की। आरोपियों की घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने पीड़ित के घर से लूटी गई एक साइकिल बरामद की है। एसडीपीओ ने गांव के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली तथा थानाध्यक्ष को कई निर्देश दिये। इस संबंध में पूछने पर एसडीपीओ ने बताया कि पीड़ित परिवार के घर के आसपास पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।