Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा/ जिले में कोरोना संक्रमित मामले में आयी गिरावट। - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, October 13, 2020

सहरसा/ जिले में कोरोना संक्रमित मामले में आयी गिरावट।

सहरसा जिले में कोरोना संक्रमित मामले में आयी गिरावट

 जिला स्वास्थ समिति की मेहनत रंग लाई 

जिले में मात्र 196 एक्टिव केस   

सहरसा -13 अक्टूबर। 
जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 5179 पहुंच चुकी है। इसमें 4983 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जिले में फिलहाल 196 केस हीं एक्टिव हैं। जिन्हें आइसोलेशन वार्ड और होम आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं 1 लाख 76 हजार लोगों की अब तक कोरोना जांच की जा चुकी है। अब सदर अस्पताल के अलावा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों  पर भी कोरोना की जांच की जा रही है। साथ ही शहर के चौक-चौराहों पर भी कोरोना जांच की जा रही है। इससे संक्रमण पर काफी नियंत्रण हो रहा है। यही कारण है कि कंटेनमेंट जोन की संख्या में भी लगातार कमी आ रही है। जिले का रिकवरी रेट करीब 93 फीसदी से भी अधिक है। सिविल सर्जन डॉ अवधेश कुमार ने लोगों से कोरोना से बचाव के लिए मास्क का उपयोग एवं दो गज की दूरी बनाए रखने, भीड़ - भाड़ वाली जगह पर जाने से बचने तथा बेवजह घर से बाहर ना निकलने की अपील की है।

सिविल सर्जन ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की :
सिविल सर्जन डा.कुमार ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति में कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखते हैं तो तत्काल उस व्यक्ति को अपने स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र के अधिकारी या कर्मचारी से संपर्क करना चाहिए। या जो लोग बीते दिनों कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हैं वे भी अपनी जांच ज़रूर करा लें। अस्पताल पहुंचने वाले सभी मरीज़ जिनको सर्दी, ज़ुकाम, बुखार और सांस लेने में तकलीफ के लक्षण हैं, वे स्वास्थ्य अधिकारी से अपनी जांच ज़रूर करा लें तथा जांच रिपोर्ट आने तक अपने आप को दूसरों से दूर रखें। 

जिले में अब केवल 25 कंटेनमेंट जोन :
जिले में बहुत ही तेजी से कोरोना केस में कमी आने लगी है, डीपीएम विनय रंजन ने बताया कि जिले में 425 कंटेनमेंट जोन बनाए गये थे, जिसमें 400 जोन को समाप्त किया जा चुका है। ज़िले में अब मात्र 25 कंटेनमेंट जोन ही हैं।

नहीं करें अनदेखी, कोरोना से रहें ऐसे सतर्क 

-व्यक्तिगत स्वच्छता और 6 फीट की शारीरिक दूरी बनाए रखें.
- बार-बार हाथ धोने की आदत डालें.
- साबुन और पानी से हाथ धोएं या अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें.
- छींकते और खांसते समय अपनी नाक और मुंह को रूमाल या टिशू से ढंके.
- उपयोग किए गए टिशू को उपयोग के तुरंत बाद बंद डिब्बे में फेंके.
- घर से निकलते समय मास्क का इस्तेमाल जरूर करें.
- बातचीत के दौरान फ्लू जैसे लक्षण वाले व्यक्तियों से कम से कम 6 फीट की  दूरी बनाए रखें.
- आंख, नाक एवं मुंह को छूने से बचें.
- मास्क को बार-बार छूने से बचें एवं मास्क को मुँह से हटाकर चेहरे के ऊपर-नीचे न करें 
- किसी बाहरी व्यक्ति से मिलने या बात-चीत करने के दौरान यह जरूर सुनिश्चित करें कि दोनों मास्क पहने हों
- कहीं नयी जगह जाने पर सतहों या किसी चीज को छूने से परहेज करें 
- बाहर से घर लौटने पर हाथों के साथ शरीर के खुले अंगों को साबुन एवं पानी से अच्छी तरह साफ करें