Kosi Live-कोशी लाइव IPL2020:राजस्थान रॉयल्स के रोबिन उथप्पा ने तोड़ा नियम, पाबंदी के बाद भी गेंद पर लगाया लार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 1, 2020

IPL2020:राजस्थान रॉयल्स के रोबिन उथप्पा ने तोड़ा नियम, पाबंदी के बाद भी गेंद पर लगाया लार

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले में कुछ ऐसा हुआ जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। भारत की तरफ से आईसीसी टी20 विश्व कप खेल चुके रोबिन उथप्पा ने मैच के दौरान गेंद पर लार लगाकर इसे चमकाने की कोशिश की। आईसीसी ने कोरोना महामारी फैलने के बाद नया नियम जारी करते हुए लार लगाकर गेंद चमकाने पर पाबंदी लगाई थी।

बुधवार को दुबई में आइपीएल के 12वें मैच को दौरान राजस्थान रॉयल्स के अनुभवी बल्लेबाज रोबिन उथप्पा ने आईसीसी के नियमों का उल्लंघन किया। कोलकाता की बल्लेबाजी के दौरान रोबिन को गेंद चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल करते हुए पाया गया। सोशल मीडिया पर एक क्रिकेट फैन ने उथप्पा की यह तस्वीर शेयर की। शेयर किए गए ट्वीट में वह लार से गेंद को चमकाते हुए नजर आ रहे हैं।

आईसीसी ने लगाई लार पर पाबंदी

इस साल कोराना महामारी की वजह से क्रिकेट पर लगे विराम के बाद दोबारा इसके शुरू होने से पहले आईसीसी की बैठक में लार पर पाबंदी लगाने का फैसला लिया गया था। अनिल कुंबले की अध्यक्षता वाली समिति ने खिलाड़ियों के स्वास्थय में ध्यान रखते हुए यह प्रस्ताव रखा था।

क्या कहता है नियम

आईसीसी द्वारा मैच के दौरान खिलाड़ियों के लार से गेंद चमकाने पर पाबंदी है। अगर कोई खिलाड़ी ऐसा करता है तो फील्ड अंपायर इस गेंद को तुरंत ही लेकर इसे सेनेटाइज करेगा। खिलाड़ी को ऐसा दोबारा नहीं करने की चेतावनी दी जाएगी। अगर फिर से किसी खिलाड़ी द्वारा ऐसा किया जाता है तो अंपायर बल्लेबाजी करने वाली टीम को चार रन दिए जाएंगे।