राघोपुर (एसं)। थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत के लक्ष्मीपुर सायत वार्ड 1 में नवविवाहिता को ससुराल वालों द्वारा जबरन जहर खिलाकर मारने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है। जानकारी अनुसार मार्च महीने में हुलास पंचायत निवासी असर्फी साह की पुत्री रिंकू कुमारी (18) की शादी राघोपुर पंचायत के लक्ष्मीपुर सायत वार्ड 1 निवासी उमेश साह के पुत्र प्रकाश साह से हुई थी। मृतका रिंकू कुमारी के पिता अशर्फी साह ने थाना में आवेदन देकर पति प्रकाश कुमार, सास सरिता देवी और ससुर उमेश साह के खिलाफ केस दर्ज कराया है। दर्ज केस में मृतका के पिता ने कहा है कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे सास सरिता देवी और पति उमेश साह ने जबरन रिंकू को जहर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। कहा कि बुधवार शाम को उन्हें रिंकू को जहर खिलाने की सूचना मिली। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और रिंकू को इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही रिंकू के ससुर उमेश साह, सास सरिता देवी और पति प्रकाश कुमार एक लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थ। रिंकू द्वारा मना करने पर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। उधर, थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले में मृतिका के पिता ने आवेदन दिया है। केस दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पिछले महीने रिंकू के पति और ससुर गए हैं हरियाणा: मृतिका की माता अलोधन देवी ने बताया कि मार्च महीने में रिंकू की शादी हुई थी। शादी के समय रिंकू के पति प्रकाश कुमार ने खुद को नाश्ता दुकानदार बताया था। लेकिन पिछले महीने मजदूरी करने जाने की बात कहकर प्रकाश साह और उमेश साह घर से हरियाणा जाने की बात कहकर निकल गए। इसी बीच घर में रिंकू और उसकी सास सरिता देवी सहित देवर परमानंद कुमार घर पर मौजूद थे। बुधवार को सास ने मौका देखकर कुछ लोगों के साथ मिलकर जबरन रिंकू को जहर खिलाकर घर में बंद कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
शव जलाने की साजिश रच रहे थे ससुराल वाले: मृतिका के मामा लक्ष्मी साह ने बताया कि रिंकू के शव को बुधवार देर रात उसकी सास सरिता देवी अन्य लोगों की मदद से जलाने की योजना बना रही थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद मायके वालों ने इसका विरोध किया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
