सहरसा। कोसी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक सुरेश प्रसाद चौधरी ने बताया कि निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है। कोसी के तीनों जिले के 241 बदमाशों के खिलाफ संबंधित जिले के एसपी द्वारा डीएम के पास सीसीए का प्रस्ताव भेजा गया है। जबकि चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद अबतक तीनों जिले में 886 आरोपित की गिरफ्तारी कर वारंट व कुर्की का निष्पादन किया गया है। इसके अलावा तीनों जिले में वाहनों की जांच कर रुपये की बरामदगी भी की जा रही है।
डीआइजी ने बताया कि सहरसा, सुपौल व मधेपुरा जिला में चुनाव की तैयारी को लेकर फिलहाल पांच-पांच कंपनी अर्द्धसैनिक बल के जवान पहुंच चुके हैं। उनके साथ सभी थाना क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। कोसी तटबंध के भीतर व दियारा इलाके पर भी पूरी तरह नजर है। नाव, बाइक, घोड़ा आदि से लगातार मार्च निकालकर लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने का आग्रह किया जा रहा है। डीआइजी ने कहा कि अबतक सहरसा के 70, मधेपुरा के 73 व सुपौल के 98 बदमाशों के खिलाफ सीसीए का प्रस्ताव भेजा गया है। जिसमें से सहरसा जिले में 51 बदमाशों को थाना बदर भी कर दिया गया है। जबकि सुपौल में 296, मधेपुरा में 384 व सुपौल में 206 वारंटी व आरोपित की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने कहा कि इस इलाके में तीसरे चरण में सात नवंबर को मतदान को मतदान होना है लेकिन तैयारी शुरू कर दी गई है। बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा। शारीरिक दूरी का पालन करने, मास्क लगाने आदि को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। ताकि मतदान के दिन वो इसका पालन कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि 50 हजार से अधिक नकद राशि लेकर चलने वालों की राशि जब्त कर ली जाएगी। जबकि तीन लाख से अधिक राशि की बरामदगी होने पर आयकर विभाग को इसकी सूचना दी जाएगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अपने मत के प्रयोग का आग्रह किया।