सहरसा: बैजनाथपुर पुलिस शिविर के समीप स्थित एक चाय दुकान पर चाय पी रहे राजद कार्यकर्ता को बदमाशों ने गोली मार दी। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। वहीं जख्मी की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार गम्हरिया पंचायत के वार्ड नंबर नौ निवासी राजद के सक्रिय कार्यकर्ता सुबोध कुमार यादव शुक्रवार की शाम थाना के समीप दुकान पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे और गोलीबारी शुरू कर दी। गोली लगते ही सुबोध वहीं गिर गये जिसके बाद बदमाश हवा में फायरिग करते हुए निकल गए। गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी सुबोध को स्थानीय लोगों के सहयोग से निजी अस्पताल ले गए। जहां वो जिदगी और मौत से जूझ रहे हैं। सूचना मिलते ही बैजनाथपुर पुलिस शिविर प्रभारी संजीव कुमार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। घटनास्थल से गोली का एक खोखा बरामद किया गया है। शिविर प्रभारी ने बताया कि मामले में बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। लोगों की मानें तो सुबोध गम्हरिया पंचायत की मुखिया का काफी करीबी सहयोगी थे। दूसरी ओर घटना के बाद लोगों का पुलिस के प्रति आक्रोश चरम पर था। लोगों का कहना था जब थाना के सामने बदमाश गोली मार सकता है तो लोग कहां सुरक्षित हैं। वहीं घटना पर राजद के प्रदेश महासचिव रंजीत यादव ने चिता जताते हुए अविलंब बदमाशों को गिरफ्तार करने व पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई करने की मांग की है।