मधेपुरा। प्रखंड के मुख्य बाजार के शिव मंदिर के पास पुलिस ने कार में लेकर जा रही 192 बोतल शराब व एक मोटरसाइकिल की डिक्की से पांच लीटर शराब जब्त की है। एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि रात के 10 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बड़ी मात्रा में शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस शिव मंदिर के पास पहुंची। वहां एक कार खड़ी थी। पुलिस को देखते ही कार चालक भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली। तालाशी के दौरान गाड़ी से 750 एमएल का 36 बोतल, 375 एमएल का 150 बोतल व 180 एमएल के 106 बोतल शराब बरामद की गई। साथ ही गाड़ी में बैठे चंदन कुमार, नितेश कुमार व रितेश चौधरी को गिरफ्तार किया गया। वहीं गश्ती के दौरान बजराहा चौक पर वाहन चेकिग के दौरान पांच लीटर शराब के साथ बाइक को जब्त किया गया। साथ ही पवन पौदार, नीतिश कुमार व अनिल मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तार अभियुक्त पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।