खगड़िया। अलौली के एक घर में संचालित मिनीगन फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है। पति- पत्नी और पुत्र गिरफ्तार किए गए हैं। एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर गठित टीम में अलौली थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार, बहादुरपुर पिकेट प्रभारी दीपक कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रामेश्वर सिंह समेत पुलिस बलों ने उत्तरी छिलकौड़ी गांव के एक घर में छापेमारी की। घर में बन रहे दो देसी कट्टा, एक पिस्टल, अर्धनिर्मित देसी पिस्तौल, तीन बॉडी प्रोटेक्टर, 29 जिदा कारतूस व हथियार बनाने के कई उपकरण बरामद किए गए हैं।
इधर, सदर एसडीपीओ आलोक रंजन ने इसे खगड़िया पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताया। कहा कि महेंद्र शर्मा, उसकी पत्नी सरोजनी देवी व पुत्र विकास शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। तस्करों का नक्सली से संबंध होने के सवाल पर एसडीपीओ ने कहा कि इसकी भी जांच की जा रही है। टीम में शामिल पुलिस अधिकारियों को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की जाएगी।