पूर्णिया। पूर्णिया के सिपाही टोला निवासी मनीष वात्सल्य उत्तर प्रदेश के कानपुर वाले विकास दुबे की जीवन पर आधारित वेब सीरीज बनाएंगे। इसका निर्देशन खुद मनीष करेंगे। वेब सीरीज का नाम 'हनक' रखा गया है।
इस वेब सीरीज की शूटिग नवंबर के अंत में शुरू की जाएगी। इसमें विकास दुबे की अपराध के दुनिया में कदम रखने से लेकर मुठभेड़ में पुलिस की हत्या करने और फरार होने के बाद पुलिस की गिरफ्त से भागने के दौरान एनकाउंटर में मारे जाने तक की कहानी को दर्शाया जाएगा। फिलहाल इसके लिए कलाकार के चयन की प्रक्रिया की जा रही है। इसकी कहानी मृदुल कपिल और सुबोध पांडे ने लिखी है।
=======
आठ पुलिसकर्मी को मार गिराने बाद हुआ चर्चित
कानपुर जिला के बिकरू गांव में 2 जुलाई को गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर विकास दुबे और उसके गुर्गो ने हमला कर दिया था। इसमे आठ पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। घटना को अंजाम देने के बाद विकास फरार हुआ। उसके फरार होने और पुलिस तलाशी के दौरान भी कई तरह की कहानी सामने आई। उत्तर प्रदेश का पूरा पुलिस महकमा विकास दुबे की तलाश में जुटा रहा। कई दिनों बाद विकास मध्यप्रदेश के महाकाल मंदिर में पुलिस के हत्थे चढ़ा था। गिरफ्तार कर कानपुर लाने के दौरान एनकाउंटर में एसटीएफ ने उसे मार गिराया था। इसके बाद उसके गांव सहित पूरे क्षेत्र में उसकी बादशाहत की कई बातें सामने आयी।
=======
कई फिल्मों बना चुके हैं मनीष
मनीष वात्सल्य दशहरा, जीना है तो ठोक डाल, स्कॉटलैंड जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। स्कॉटलैंड ने ऑस्कर सहित कई अवार्ड प्राप्त किया और विदेशों तक में धूम मचाया। पूर्णिया के माटी से निकले मनीष के निर्देशन में बन रहे विकास दुबे पर आधारित वेब सीरीज को लेकर पूर्णिया के लोग काफी हर्षित हैं। लोगों का कहना है कि जिस तरह विकास दुबे चर्चित हुआ उससे अधिक उनकी वेब सीरीज चर्चित होगी।