Kosi Live-कोशी लाइव सावधान/मधेपुरा:लोन के नाम पर ठगी जा रहीं महिलाएं - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 24, 2020

सावधान/मधेपुरा:लोन के नाम पर ठगी जा रहीं महिलाएं

मधेपुरा। जिले में लोन दिलाने के नाम पर ठगी की जा रही है। दो दिन पहले चौसा की घोषई गोठ बस्ती की करीब 15 महिलाओं से 50-50 हजार रुपये लोन दिलाने के नाम पर ठगी की गई थी। मामले को लेकर महिलाओं ने चौसा थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया था।

इस प्रकार का मामला सिर्फ चौसा का ही नहीं बल्कि बिहारीगंज, गम्हरिया, मुरलीगंज व घैलाढ़ में भी हो चुका है। कहीं बैंक अधिकारी बनकर तो कहीं स्वयंसेवी संस्था का सदस्य बताकर लोगों से ठगी की जा रही है।

ठगी की शिकार नूतन देवी, रीना देवी, पूनम देवी, सुलेखा देवी, कंचन देवी, गीता देवी, प्रमिला देवी, सविता देवी, नीलम देवी, रवीना खातून, रंभा देवी, रिकी देवी, प्रियंका देवी, मीना देवी, रेणु देवी ने बताया कि पैना पंचायत के छोटकी बढ़ौना के परमानंद राम व आलमनगर थाना क्षेत्र के कुंजरी के लाल साह ने उन लोगों को शांति केयर ग्रामीण विकास निधि प्राइवेट लिमिटेड ब्रांच का सदस्या बताकर 15-15 सदस्य टीम की महिलाओं को 50-50 हजार रुपये का लोन दिलाने के एवज में दो-दो हजार रुपये लिए गए थे। लोगों को लोन नहीं मिलने पर राशि की मांग की गई तो टालमटोल किया जाने लगा। उसके बाद महिलाओं ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बिहारीगंज सहित अन्य प्रखंडों में भी ऐसा मामला सामने आया है। केस स्टडी - चौसा की घोषई गोठ बस्ती की 15 महिलाओं से लोन दिलाने के नाम पर दो-दो हजार रुपये की ठगी को लेकर 20 सितंबर को थाने में प्रदर्शन किया गया था। - बिहारीगंज स्टेट बैंककर्मी बताकर आलमनगर की 20 महिलाओं से 50 हजार ऋण दिलाने के नाम पर दौ सौ रुपये एटीएम बनाने व 977 रुपये दुर्घटना बीमा के नाम पर राशि वसूली गई थी। ऋण ट्रांसफर के नाम पर आधार संख्या, पहचान पत्र, राशन कार्ड का नंबर भी लिया।

- महिलाओं को समूह गठित कर लोन दिलाने के नाम पर गम्हरिया, ईटवा, जीवछपुर की एक दर्जन से अधिक महिलाओं से 7010 रुपये की ठगी कर लाखों रुपये ले लिए थे। करीब 84 हजार रुपये की ठगी की थी। - बिहारीगंज वार्ड एक की करीब आधा दर्जन महिलाओं से संगीता ग्रुप का फील्ड अफसर बनकर एक युवक ने 40 हजार रुपये लोन बिना ब्याज के देने की बात कहकर 15-15 सौ रुपये ठग लिया था।

- मुरलीगंज के श्रीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ निवासी बबलू कुमार ने लोन दिलाने के नाम पर 1850 रुपये ठगी करने को लेकर मामला दर्ज कराया था।