महिषी (सहरसा),एक संवाददाता। सोमवार की देर शाम जलई ओपी क्षेत्र के बघवा के समीप रोड नम्बर 17 पर मैजिक और ऑटो के बीच हुई टक्कर में छः लोग बुरी तरह जख्मी हो गए।ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को महिषी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मौजूद डाक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर घटना स्थल पहुंची जलई ओपी पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। मिली जानकारी के अनुसार गंडौल से सहरसा की ओर जा रही मैजिक की टक्कर सहरसा की दिशा से गंडौल आ रही ऑटो से हो गई। टक्कर के कारण दोनों वाहन सड़क पर पलट गई। ग्रामीणों के सहयोग से सवार चतरिया निवासी प्रोफेसर राय, गोबराही निवासी मनोहर पासवान, मधुमाला देवी, मौसम देवी, गंडौल निवासी अंजली देवी एवं रक्षा कुमारी को जख्मी हालत में वाहन से निकालकर महिषी अस्पताल भेजा गया। जलई ओपी अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों ही वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।