Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णियां/तीन सप्ताह के अंदर तीन मौत, सभी मामलों में ससुराल पक्ष वालों पर आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 15, 2020

पूर्णियां/तीन सप्ताह के अंदर तीन मौत, सभी मामलों में ससुराल पक्ष वालों पर आरोप

सरसी थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर तीन सप्ताह के अंदर पति-पत्नी के विवाद में तीन जान गई। इसमें दो महिलाएं व एक पुरुष हैं। तीनों मामलों में ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगा है।

11 सितंबर को स्थानीय थाना क्षेत्र के मझुआ प्रेम राज पंचायत के मन्ना खुदा बंदनगर गांव स्थित अपने ससुराल में रह रही महिला वर्षा देवी (19) की मृत्यु जल जाने के कारण हो गई। इस मामले में मृत महिला के माता-पिता एवं भाई ने पुलिस के समक्ष दिए अपने फर्द बयान में यह बताया कि दामाद उदय गोस्वामी तथा उनके माता-पिता द्वारा बाइक एवं दस हजार रुपये की मांग की जा रही थी। इसकी पूर्ति नहीं किये जाने पर उनकी बेटी को बाथरूम में बंद कर शरीर पर केरोसिन डालकर आग लगा दिया गया।

31 अगस्त को स्थानीय थाना क्षेत्र के पारसमनी पंचायत के मिल्की गांव में अपने प्रेमी से विवाह रचाकर ससुराल में रह रही एक नाबालिग किशोरी जूली कुमारी (16) की हत्या का आरोप भी ससुराल पक्ष पर है। मृत युवती के भाई सोनू कुमार यादव ने पुलिस के सामने दिए बयान में यह बताया कि मिल्की निवासी विक्रम पासवान ने उसकी बहन को बहला-फुसलाकर शादी रचा ली। सामाजिक प्रतिष्ठा को देखते हुए उसे अपने घर न लाकर उसे अपने प्रेमी के साथ सुखपूर्वक जीवन बिताने हेतु छोड़ दिया। लेकिन उसके पति एवं ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या फांसी लगाकर कर दी।

21 अगस्त को स्थानीय थाना क्षेत्र के बोहरा वार्ड संख्या 9 निवासी रामानंद यादव के पुत्र रूपेश कुमार यादव (26) का शव घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर खाली मैदान में फेंका मिला। वह एक दिन पहले अररिया थाना अंतर्गत गैयारी गांव स्थित अपनी ससुराल से पत्नी की विदाई लेने हेतु गया था। मृतक के स्वजनों ने साला, ससुर एवं पत्नी की मिलीभगत से हत्या करने का आरोप लगाया है।