Kosi Live-कोशी लाइव बिहार विधानसभा में उठा सुशांत की मौत का मामला, भाजपा MLA नीरज सिंह ने की CBI जांच की मांग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, August 3, 2020

बिहार विधानसभा में उठा सुशांत की मौत का मामला, भाजपा MLA नीरज सिंह ने की CBI जांच की मांग

पटना। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में बिहार पुलिस के दखल के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। सुशांत सिंह राजपूत मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग को लेकर सोमवार को बिहार विधानसभा में हंगामा हुआ। सुशांत के चचेरे भाई और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक नीरज सिंह ने सुशांत की मौत का मसला उठाया और सीबीआई जांच कराने की मांग की। इसका समर्थन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी किया।
 

भाजपा विधायक ने की सीबीआई जांच की मांग

छातापुर विधायक नीरज सिंह ने कहा कि, महाराष्ट्र पुलिस ने बिहार पुलिस के साथ किसी तरीके का दुर्व्यवहार किया है, यह सबके सामने है। इसके बाद बिहार पुलिस के आईपीएस अफसर विनय तिवारी को जब जांच के लिए मुंबई भेजा गया तो उन्हें जबरन जानबूझ कर क्वारंटाइन कर दिया गया है। इससे साफ पता चलता है कि केस की जांच सही तरीके से नहीं की जा रही है। इसमें बड़े-बड़े लोगों का नाम तक शामिल है।

तेजस्वी ने की सीबीआई जांच की मांग

तेजस्वी ने की सीबीआई जांच की मांग

नीरज सिंह ने कहा कि, सरकार से लेकर अभिनेता और तमाम लोग इसमें संलिप्त हैं, पूरे देश की भावनाएं इस केस से जुड़ी हुई है। इसकी बेहतर जांच होनी ही चाहिए। इसके अलावा एमएलसी नीरज कुमार सिंह की पत्नी नूतन सिंह ने भी विधान परिषद में यही मांग उठाई। जिसके बाद बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सदन में अपनी आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि पूरा देश जानना चाहता है कि आखिर ये देरी क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सीबीआई जांच की अनुसंशा हो।

बिहार के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को मुंबई में क्वारंटीन किए जाने को लेकर बिहार में बयानबाजी तेज हो गई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मामले में अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि जो कुछ हुआ, ठीक नहीं हुआ है। हम अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पटना सिटी के एसपी विनय तिवारी के साथ मुंबई में जो कुछ हुआ, यह गलत बात है। हम इस पर महाराष्ट्र सरकार से बात करेंगे। मुंबई में बिहार पुलिस की जांच में मुंबई पुलिस का सहयोग नहीं मिलने को लेकर बिहार सरकार के मंत्री जय सिंह ने भी सवाल उठाए।