नई दिल्ली: कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद डॉक्टरों को उचित बेड और इलाज नहीं मिलने की खबरों से आहत होकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने शनिवार को इस मुद्दे पर पीएम नरेंद्र मोदी को मामले से अवगत कराने के लिए उन्हें एक पत्र लिखा है. IMA ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से स्वास्थ्य देखभाल समुदाय पर गलत असर पड़ेगा, जो कोरोना के खिलाफ जंग में फ्रंटलाइन पर है.
पत्र में लिखा गया कि, "डॉक्टरों और उनके परिवारों को हॉस्पिटल में भर्ती कराने के लिए बेड नहीं मिलने और दवाओं की कमी के सम्बंध में कई हैरान कर देने वाली रिपोर्टें सामने आई हैं. यह पत्र हमारे स्वास्थ्य देखभाल समुदाय के गिरते मनोबल और इस पर पड़ने वाले गलत असर की तरफ आपका ध्यान खींचने के लिए भेजा गया है." IMA के महासचिव आर.वी. अशोकन ने कहा कि, "हमें इस कोरोना महामारी के दौरान डॉक्टरों की सुरक्षा की बढ़ती चिंताओं की वजह से पीएम के ध्यान और अनुग्रह की जरुरत है. कोरोना के चलते डॉक्टरों की बड़ी तादाद संक्रमित हो रही है और जान गंवा रही है."