नई दिल्ली : भारतीय टीम के सीमित ओवरों के एक वर्तमान खिलाड़ी के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कई स्टाफ सदस्यों को कोविड-19 परीक्षण में पॉजिटिव पाया गया हैं। इसके बाद फ्रेंचाइजी को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से पहले टीम की पृथकवास अवधि बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा।
लीग से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि कोविड-19 के सभी पॉजिटिव जांच के नतीजे टीम के यहां पहुंचने के पहले, तीसरे और छठे दिन आए।
उन्होंने कहा, 'जहां तक हमें पता चला हैं, सीएसके प्रबंधन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और उनकी पत्नी के अलावा फ्रेंचाइजी की सोशल मीडिया टीम के कम से कम 2 सदस्य भी कोरोना वायरस की चपेट में है।' सीएसके ने इस घटना के बाद टीम की पृथकवास अवधि को 1 सितंबर तक बढ़ा दिया।
बीसीसीआई की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार, कोविड-19 जांच में जो भी पॉजिटिव मिलेगा उसे अतिरिक्त सात दिनों के लिए पृथकवास में रहना होगा। इस अवधि के बाद जांच में निगेटिव आने पर ही उसे जैविक रूप से सुरक्षित महौल में आने की अनुमति मिलेगी।