बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में दिनदहाड़े लूट की बड़ी घटना हुई है। हथियारों से लैस आधा दर्जन अपराधियों ने एक आभूषण दुकान से करीब एक करोड़ के जेवरात लूट लिए। घटना के दौरान उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बेगूसराय के तेघड़ा बाजार में तेघड़ा थाना से आधा किलामीटर दूर शुक्रवार की शाम में हुई इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े की दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बेगूसराय के तेघड़ा बाजार स्थित हरिहर बाबू की सोने चांदी की दुकान में अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। वहां उन्होंने गोलीबारी कर दहशत फैली दी, लेकिन महज आधा किलोमीटर दूर स्थित थाने पुलिस समय रहते नहीं पहुंच सकी। दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने दुकान में रखे लाखों के आभूषण लूटे और उन्हें बोरे में लेकर आराम से भाग गए। इस दौरान स्थानीय लोगाें ने अपराधियोें पर पथराव किया, लेकिन गोली लगने के डर से पास नहीं गए।
घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। बेगूसराय के एसपी अवकाश कुमार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। इस बीच जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छोपमारी जारी है।
