सहरसा। जिला मुख्यालय में लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए बुधवार को भी सदर एसडीओ शंभूनाथ झा दलबल के साथ शहरी क्षेत्र का भ्रमण करते रहे। निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने चौक- चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों को बाजार में भीड़- भाड़ रोकने के लिए पूरी तरह सख्ती बरतने, मास्क व हेलमेट का उपयोग नहीं करनेवाले लोगों को दंडित करने का निर्देश दिया।
जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते चेन को तोड़ने के लिए लॉकडाउन का पालन कराने हेतु डीएम के निर्देश पर जिले के अधिकारी लगातार प्रयास कर रहे हैं, परंतु लोग इसे मानने के लिए ही तैयार नहीं हैं। लॉकडाउन के 14 वें दिन बुधवार को भी वरीय अधिकारी अहले सुबह से सब्जी बाजार के बाद शहर के अन्य भागों में लगातार गश्त लगाते रहे। जिले में बढ़ते कोरोना के केस को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी खासे परेशान हैं। जिलाधकारी ने लगातार बढ़ रहे एक्टिव केस पर काबूपाने के लिए सबसे भीड़़- भाड़वाले इलाके सब्जी व फल बाजार को बंद करने का निर्णय भी लिया। इसके आलोक में नगर परिषद सहरसा, नगर पंचायत सिमरीबख्तियारपुर और प्रखंड मुख्यालयों में सब्जी व फल बाजार विगत आठ दिनों से बंद है। अधिकारियों द्वारा लॉकडाउन का उल्लंघन होने पर दुकानदारों के विरूद्ध् कड़ी कार्रवाई लगातार चेतावनी दी जा रही है।