बिहारशरीफ। पहले से लागू शराबबंदी और शनिवार से लगने जा रहे लॉकडाउन की पूर्व संध्या पर शहर में सोचने को विवश करने वाला दृश्य नजर आया। शुक्रवार की देर शाम लहेरी थाना इलाके से कमरुद्दीनगंज राजकीय कन्या मध्य विद्यालय के समीप एक शराबी सड़क के किनारे बेसुध पड़ा था। उसका सिर फट गया था, जिससे खून बह रहा था।
हालांकि सजग मोहल्ले वासियों ने लहरी पुलिस को यह सूचना दे दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शराबी युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह युवक हमेशा शराब के नशे में इसी तरह की हरकत करता है। आज इतनी पी रखी थी कि लड़खड़ा कर गिर पड़ा जिससे उसके सिर फट गया। लहेरी थानाध्यक्ष ने कहा कि युवक के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। तब उसका नाम व घर का पता चलेगा। फिर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।