Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/अंधविश्वास में हैवान बनी भीड़, बुजुर्ग को पहले जमकर पीटा, फिर पाखाना के घोल में जहर दे ले ली जान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 10, 2020

BIHAR/अंधविश्वास में हैवान बनी भीड़, बुजुर्ग को पहले जमकर पीटा, फिर पाखाना के घोल में जहर दे ले ली जान

कटिहार। अंधविश्वास में हैवान बनी भीड़ ने वह किया, जिसे जान कर आपकी रूह कांप जाएगी। कटिहार के काढ़ा थाना क्षेत्र स्थित छोटी परमानंदपुर गांव के कुछ दबंगों ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को पकड़कर पहले जमकर पीटा, फिर पाखाना का घाल बना उसके साथ जहर मिलाकर जबरन पिला दिया। इसके बाद उसे छोड़ दिया। वृद्ध किसी तरह घर पहुंचा, लेकिन वहां उसकी तबीयत बिगड़ गई।

मृतक बैजनाथ ऋषि झाड़-फूंक व तंत्र-मंत्र का काम करता था। गांव के लोगों ने उसे किसी को बीमार कर देने व मार देने का आरोप लगाते हुए वारदात को अंजाम दिया।

घर से बुलाकर दिया वारदात को अंजाम

बैजनाथ ऋषि के पुत्र संजय ऋषि ने बताया कि शुक्रवार की सुबह गांव के ही भिखारी ऋषि, सिकंदर ऋषि, प्रेम ऋषि, पप्पू ऋषि, सुनील ऋषि सहित 15-20 लोग घर आए और उसके पिता को बुलाकर ले गए। बाहर ले जाकर उनलोगों ने उनके साथ मारपीट की तथा मैला (पाखाना का घोल) व जहर मिला कर पिला दिया। उन लोगों के चंगुल से मुक्त होकर पिता घर आए और पूरा वाकया बताते हुए तबीयत ठीक नहीं लगने की बात कही। फिर, 15 मिनट बाद ही उनकी मौत हो गई।

गांव में झाड़-फूंक करते थे बैजनाथ ऋषि

संजय के अनुसार बैजनाथ ऋषि तंत्र-मंत्र से गांव में झाड़-फूंक किया करते थे। किसी की तबीयत खराब होने पर उसे लोग उनके पास झाड़-फूंक कराने ले जाते थे। वे गांव के ही मंदिर में पूजा करते थे। इधर गांव में किसी बीमार की मौत हो जाने पर ग्रामीण उन्‍हें दोषी मानने लगे थे। इसी शक पर गांव के दबंगों ने वारदात को अंजाम दिया।

नामजद एफआइआर दर्ज, छापेमारी जारी

संजय ने तत्काल इसकी सूचना कोढ़ा थाना को दी।  पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरु कर दी है। कोढ़ा थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र ने मैला के साथ जहर पिलाने से पिता की मौत की एफआइआर दर्ज कराई है। उसके बयान पर छह लोगों को नामजद किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।