Kosi Live-कोशी लाइव JNKTMCH मधेपुरा में भोजन और इलाज की सुविधा की मांग को लेकर धरने पर बैठे कोरोना संक्रमित - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, June 3, 2020

JNKTMCH मधेपुरा में भोजन और इलाज की सुविधा की मांग को लेकर धरने पर बैठे कोरोना संक्रमित


बिहार के मधेपुरा स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (जेएनकेटीएमसीएच) में एक बार फिर से कोरोना संक्रमित मरीजों का आक्रोश भड़क उठा। हंगामा करते हुए इलाजरत कोरोना संक्रमित मरीज अस्पताल परिसर में धरना पर बैठ गए। मरीजों का आरोप है कि अस्पताल में उनके लिए खाना और पीने का पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है।

इससे पहले भी सोमवार की देर रात कोरोना संक्रमित पेशेंट ने हंगामा मचाया था। कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने करीब डेढ़ घंटे अस्पताल परिसर में हंगामा किया। समय पर खाना नहीं मिलने और पीने के लिए स्वच्छ पानी नहीं मिलने के कारण मरीजों में भारी आक्रोश देखा गया।

बताया गया कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए चौसा प्रखंड के 17 मरीजों को रविवार की देर रात जेएनकेटी माडपुरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। मरीजों के मुताबिक देर रात करीब 12 बजे भर्ती किये जाने के बाद उनके खाने और पीने का पानी तक कि व्यवस्था नहीं की गयी। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे चाय और ब्रेड दी गयी। उसके बाद ढाई बजे चावल- दाल दिया गया। रात के नौ बजे तक उन्हें खाना नहीं दिया गया। इससे परेशान होकर वे सामान लेकर मेडिकल कॉलेज से भागने लगे। लेकिन मेडिकल कालेज अस्पताल के गार्ड ने उन्हें रोक लिया। फिर डॉक्टर समझाने लगे कि अब ऐसी दिक्कत नहीं होगी।

अस्पताल परिसर में इसी बात को लेकर हंगामा होता रहा। मरीजों का कहना था कि उन्हें पीने के लिए जो पानी दी जा रही है उससे बदबू आती है। डाक्टरों के समझाने के बाद वे लोग मेडिकल कॉलेज में रहने को तैयार हुए। बताया गया कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोग दिल्ली और महाराष्ट्र से वापस लौटे थे। क्वारंटीन सेंटर में रहने के बाद वे लोग घर गए थे। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।