सहरसा जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ कर 28 हो गई है। इससे पहले जिले में सक्रिय केसों की संख्या 20 थी। रविवार की देर रात दो मरीजों की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सक्रिय केसों की संख्या बढ़ कर 22 हो गई। सोमवार की शाम छह मरीजों की रिपोर्ट आने के बाद आकड़ा बढ़ कर 28 हो गया।
सिविल सर्जन डॉ. अवधेश कुमार ने छह पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनका आइसोलेसन सेंटर में इलाज चल रहा है। इससे पूर्व सोमवार की सुबह डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 1575 लोगों का सैंपल लिया गया है। इसमें से 1444 सैंपल जांच की रिपोर्ट मिली है। 1346 सैंपल जांच रिपोर्ट निगेटिव और 69 की कोरोना संक्रमण जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें से 47 मरीजों को इलाज के बाद दोबारा सैंपल जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें होम क्वारंटाइन में भेज दिया गया। डीएम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के द्वारा श्रेणी क और ख में शामिल जिलों से आने वाले लोग जो क्वारंटाइन में हैं या क्वारंटाइन पूरा कर चुके हैं उनके लिये हाउस टू हाउस सर्वे का काम शुरू किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रैंडमली 50 लोगों का सैंपल लिया जाएगा। संदिग्धों को ट्रेक करने के बाद उनका इलाज किया जाएगा। जिससे की संक्रमण का खतरा नहीं बढ़े।
डीएम ने बताया कि सोमवार से दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है। संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। लोगों को स्वयं जागरूक रहना पड़ेगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए और बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलना है। जिससे की संक्रमण के खतरे को टाला जा सके।
