बिहार के पूर्णिया जिले के भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बलिया ओपी क्षेत्र के करमनचक नहर के पास मक्के के खेत में मंगलवार शाम को एक विवाहित महिला का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मधेपुरा जिलान्तर्गत बीड़ी गमैल निवासी संजय मंडल की पत्नी हीरा देवी के रूप में की गई।
फेंके गए शव को देखने से प्रतीत होता है कि महिला की हत्या कहीं अन्यत्र कर उसे करमनचक नहर के नजदीक मक्के के खेत में फेंक दी गई हो। मृतका के भाई चन्दन कुमार ने बहन की हत्या का आरोप उसके पति संजय कुमार मंडल के ऊपर लगाते हुए बलिया ओपी में प्राथमिकी दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने मामले में छानबीन कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बलिया ओपी प्रभारी इलियास हुसैन ने बताया की मृतका के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला के पति संजय कुमार मंडल को हत्या के आरोप को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी से हत्या को लेकर पुलिस के द्वारा आवश्यक पूछताछ किया जा रहा है। ओपी प्रभारी ने बताया की बहुत जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएग।
बता दें कि मंगलवार की शाम नहर के तरफ से खेत देखने जा रहे कुछ ग्रामीणों ने मक्का में एक शव फेका हुआ देखा। मक्का खेत में शव होने की जानकारी समूचे क्षेत्र में जंगल में लगी आग की तरह फैल गयी और काफी लोग वहां पहुंच गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। इसके बाद मृतिका के पति सहित उसके मायके रूपौली से भी कुछ लोग घटनास्थल पर पहुंचे। मायके वालों ने मृतका के पति पर हत्या का आरोप लगाया।
