कनौआ गांव में किसान सिकंदर मंडल (45) की बुधवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह जमीन विवाद को लेकर पूर्व से आपसी रंजिश बतायी जा रही है। आरोप है कि उनके सगे भाई-भाभी व भाभी के घरवालों ने मिलकर हत्या की है।
मिली जानकारी के अनुसार खजुराहा पंचायत अंतर्गत कनौआ गांव निवासी सिकन्दर मंडल अपने घर में सोया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने घर में घुस कर सिकन्दर को गोलियों से छलनी कर दिया। उसके सीने और सिर में तीन गोली मारी गई। गोलीबारी में बुरी तरह घायल किसान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते पोस्टमार्टम कराया। एसपी राकेश कुमार ने बताया कि हत्या में भाई-भाभी सहित 17 लोगों का नाम बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा सिकंदर के परिजनों से चल रहे विवाद को केंद्र में रखकर अनुसंधान किया जा रहा है। किसान की हत्या का कारण जमीन विवाद व पूर्व की दुश्मनी बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जमीन विवाद सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर हो रही जांच: पुलिस के मुताबिक जमीन को लेकर पूर्व की रंजिश सहित अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि गोलियों का शिकार बने किसान के पास उसकी पत्नी भी सोई हुई थी। इसके अलावा सिकंदर पर 16 वर्ष पूर्व एक व्यक्ति की कुदाल से काटकर हत्या करने का आरोप था। इस मामले में वह जेल भी जा चुका था। लिहाजा सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि इस बारे में गोली का शिकार बने किसान के परिजनों से पूछताछ की जाएगी।
परिजनों के क्रंदन से लोग गमगीन : कनौआ गांव में गुरुवार को उस वक्त कोहराम मच गया।जब मृतक किसान सिंकदर मंडल का पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा।शव के पहुंचते ही देखने वाले लोगों की भीड़ दरवाजे पर जुटने लगी।वहीं शव के पास परिजनों के विलाप से हर आने जाने वाले लोगों की आंखें नम हो जाती थी।
पत्नी बुधनी देवी यह कहकर बेहोश हो जाती थी कि दुशमनमा सब हमर सुहाग उजार दलके हो भगवान। आब केकरा लायके रहबै हो ।जबकि गोली मारकर हत्या की घटना क्षेत्र में जंगल में लगी आग की तरह फैल गई।वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया था।जहां परिजनों के द्वारा मृतक के भाई पर ही हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा था। दरवाजे पर जुटी भीड़ भी दबीजुबान से जमीनी विवाद में ही हत्या की बात कह रही थी। पुलिसमामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।जुटी भीड़ में जितनी मुंह उतनी बात हो रही थी। सोनवर्षा थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने कहा कि परिजनों द्वारा अभी तक आवेदन नहीं दिया गया है।
