Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:तेजाब डालकर व चाकू से गोद कर किसान की हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 15, 2020

MADHEPURA:तेजाब डालकर व चाकू से गोद कर किसान की हत्या

मधेपुरा। रतवारा थाना क्षेत्र के ढलहा बहियार में गुरुवार की सुबह एक किसान के ऊपर तेजाब डालकर व चाकू से गोद कर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र की इटहरी पंचायत के भैय लाल टोला निवासी 45 वर्षीय हीरा मंडल के रूप में की गई है। किसान की हत्या का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।

हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुटी है। आलमनगर थाना अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि घटना को लेकर विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह जमीन लीज पर लेकर खेती करता था। दो बीघा में मक्के की फसल लगाई थी। प्रत्येक दिन की तरह गुरुवार की सुबह छह बजे वह अपने घर से निकला था। वह फसलों की देखरेख कर दो-तीन घंटे बाद वापस आ जाता था, लेकिन गुरुवार को बहियार गए किसानों द्वारा हत्या की जानकारी परिजनों को दी गई। परिजनों ने सुनियोजित तरीके से हीरा मंडल की निर्मम हत्या किए जाने बात कही है। तेजाब डाले जाने के कारण शरीर जल गया था। मौके पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही राजद नेता इंजीनियर नवीन कुमार,पंचायत के मुखिया सतीश कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों को ढांढ़स बंधाया।