मधेपुरा। बंशगोपाल पंचायत के चटनमा गांव में रविवार रात एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
जानकारी के अनुसार मंटू मेहता (42) रात में ठाकुरबाड़ी के बरामदे पर सोए हुए थे। इसी दौरान कुछ बदमाश उन्हें उठाकर बहियार में ले गए और गोली मार दी। सोमवार सुबह भुट्टा छीलने बहियार गई महिलाओं ने मंटू मेहता के शव को देखकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। मंटू के दोनों हाथ गमछे से पीछे की ओर बंधे हुए थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुबोध यादव ने मामले की जांच की। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि मंटू पंजाब में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। लॉकडाउन के पूर्व मार्च में वह घर आए थे। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल के पास से पुलिस ने दो खोखे और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है।
