Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया। एक ही दिन कोरोना संक्रमित नौ नए मरीज मिले, जिले में COVID-19 संक्रमित बढ़कर 12 - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 14, 2020

पूर्णिया। एक ही दिन कोरोना संक्रमित नौ नए मरीज मिले, जिले में COVID-19 संक्रमित बढ़कर 12

Corona Live Updates Bihar:999

पूर्णिया में कोरोना के नौ नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके साथ ही पूर्णिया जिले में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की संख्या तीन से बढ़कर 12 हो गयी है। जिलाधिकारी राहुल कुमार ने नौ नए कोरोना संक्रमित मरीज मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी नौ मरीज रूपौली के प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय के क्वारंटाइन कैंप में थे। 

दिल्ली के आजादपुर मंडी से एक मई को ट्रक में सवार 55 लोग पूर्णिया के लिए रवाना हुए थे। इसकी सूचना मिलते ही रूपौली में ट्रक समेत उन सभी लोगों को तीन मई को पकड़ा गया था। इसके बाद सभी लोगों को रूपौली स्थित एक स्कूल में बने क्वारंटाइन कैंप में भेज दिया गया था। इनमें से एक व्यक्ति का सैंपल 8 मई को लिया गया था। 11 मई को उस व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आयी थी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से सभी लोगों का सैंपल कलेक्ट कर जांच के लिए भेजा गया। इसमें नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आयी है। जिलाधिकारी ने कहा कि दिल्ली से आए सभी लोग पहले दिन से ही क्वारनटाइन में थे। इसलिए कम्यूनिटी स्प्रेड की संभावना नहीं है। जिस स्कूल के कैंप में ट्रक में सभी सवार लोग ठहरे थे, वहां कंटेनमेंट जोन का प्लान बुधवार को ही लागू कर दिया गया है। 

स्कूल कैंपस के चारों ओर बैरीकेडिंग कर दी गयी है। किसी भी तरह के व्यक्ति या वाहनों की आवाजाही बंद है। ट्रक से आने वाले सभी लोगों का बारी-बारी से सैंपल कलेक्ट कर जांच के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सतर्कता जरूरी है। पैनिक न हों। लोग मास्क अनिवार्य रूप से पहनें। बार-बार हाथ धोएं। हाथ को मुंह और नाक पर बार-बार न लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलें।

मरीज में अधिकांश युवक, पहले दिन से सभी क्वारनटाइन कैंप में
पूर्णिया में कोरोना का पहला संक्रमित मरीज रामबाग में मिला था, जो कि दिल्ली के आजादपुर मंडी से ही आया था। दूसरा मरीज जलालगढ़ में मिला जो कि मथुरा से यहां आया था। तीसरा मरीज रूपौली में ही मिला जो कि दिल्ली के आजादपुर मंडी से ट्रक में सवार होकर आये थे। नौ नए संक्रमित मरीज में अधिकांश युवक हैं। चूंकि तीसरे संक्रमित मरीज के साथ सभी ट्रक में सवार थे। इसलिए नौ नए मरीज एक साथ पाए गए हैं। गनीमत है कि यह लोग पहले दिन से ही क्वारनटाइन कैंप में थे।