खगड़िया के मानसी थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के गौछारी बहियार में सोए अवस्था में ग्रामीण पशु चिकित्सक रुकेश कुमार(25 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रविवार देर रात की बतायी जा रही है।
जानकारी के अनुसार गांव घर में पशुओं का इलाज करने वाले रूकेश अपने एक भाई के साथ अपने खेत में मकई की फसल तैयार कर बासा पर ही सो रहा था। इसी बीच बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। सूचना पर पुलिस की गश्त कर रहे वाहन से सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। घटना के बारे में मृतक के पिता विवेकानंद मेहता ने कहा एक पक्ष का भाड़ा पर ट्रैक्टर से मक्के की फसल लाने पर दूसरे पक्ष ने विवादित जमीन की फसल को लेकर घटना को अंजाम दिया है।
बासा पर पहले एक गोली चलाने पर बड़ा बेटा भाग गया। वहीं दूसरे बेटे को तीन गोली मारकर सोए अवस्था में ही हत्या कर दी गई।
कुख्यात रणवीर के आतंक से सैदपुर में दहशत
खगड़िया । जहां एक तरफ कोरोना से लोग त्राहिमाम में है, वहीं दूसरी ओर सैदपुर गांव में अपराधियों का तांडव जारी है। मालूम हो कि सैदपुर में अब तक कई कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। कोरोना को लेकर यह गांव संवदेनशील बना हुआ है। लेकिन अपराधियों का तांडव जारी है। बीते रविवार की रात भी सैदपुर में अपने बासा पर सोए ग्रामीण चिकित्सक रुकेश की हत्या कुख्यात रणवीर सिंह ने कर दी।
घटना बाद से गांव में दहशत है। ग्रामीणों के अनुसार रणवीर सिंह आए दिन गोलीबारी की घटना को अंजाम देता है। अब तक पुलिस पकड़ से बाहर है। लॉकडाउन में वह
कई वारदात को अंजाम दे चुका है। रंगदारी, हत्या, गोलीबारी, लूटपाट जैसी वारदात आम बात हो गई है। रणवीर सिंह ने
14 मई को सैदपुर पंचायत के पूर्व मुखिया रामेश्वर आजाद के पुत्र रामलखन आजाद को गोली मारकर जख्मी कर दिया। रामलखन आजाद इलाजरत है। कुख्यात अपराधी रणवीर सिंह गांव में कई घटना का अंजाम दे चुका है। गोलीबारी की घटना का अंजाम देना उसकी फिदरत बन गई है।
इधर थानाध्यक्ष संजय कुमार विश्वास ने बताया कि अपराधी को जल्द ही गिरफ्तारी होगी। पुलिस सघन छापेमारी कर रही है।
