दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। Bihar Board 10th Result 2020: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति यानि बीएसईबी द्वारा सम्बद्ध विद्यालयों में कक्षा 10 के छात्रों के लिए आयोजित की गयी बोर्ड परीक्षा के नतीजों की घोषणा जल्द ही की जा सकती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार मैट्रिक रिजल्ट 2020 की घोषणा बोर्ड द्वारा लॉक डाउन के बाद 20 मई के आस-पास की जा सकती है।
बिहार 10वीं की बोर्ड परीक्षा के नतीजों की घोषणा और सम्बन्धित अपडेट की जानकारी बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट, biharboardonline.bihar.gov.in पर की जाएगी। इसके साथ ही, बोर्ड परीक्षा परिणाम कई थर्ड-पार्टी निजी वेबसाइट्स पर छात्रों के लिए उपलब्ध करायी जाएगी।
बिहार बोर्ड कक्षा 10 का रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और मांगी गयी अन्य जानकारियां रिजल्ट के पेज पर भरनी होंगी। इन्हें सबमिट करने के बाद छात्र अपना स्कोर कार्ड देख पाएंगे। स्कोर कार्ड का प्रिंट आउट लेने के बाद छात्रों को रिजल्ट की सॉफ्ट कॉपी भी सेव कर लेनी चाहिए।
वहीं, दूसरी तरफ बिहार बोर्ड द्वारा कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य जोरों पर है और 97 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। मूल्यांकन के कार्य को 6 मई से आरंभ किया गया था और विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों के लिए बोर्ड की तरफ से मूल्यांकन कार्य की समयावधि भी निर्धारित की गयी है। अभी तक की प्राप्त जानकारी के अनुसार बोर्ड की कॉपियों की जांच का कार्य इस हफ्ते तक समाप्त किया जाना है।
वहीं, कई मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियां जांची भी जा चुकी हैं। ऐसे केंद्रों के निदेशकों को छात्रों के अंकों को बोर्ड के निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी बोर्ड द्वारा दिये जा चुके हैं। ऐसे में उम्मीद की सकती है कि बिहार 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों की घोषणा जल्द ही कर दे।
बता दें कि इस वर्ष बिहार कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में लगभग 15 लाख छात्र सम्मिलित हुए थे, जिसमें से 7 लाख छात्राएं हैं। बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन राज्य के 1368 केंद्रों पर 17 फरवरी से 24 फरवरी 2020 के मध्य किया गया था।