मधेपुरा। दिल्ली निजामुद्दीन एवं बिहारशरीफ के आए चार लोगों को पकड़कर पुलिस जांच के लिए सदर अस्पताल लाई है। सोमवार को थाना क्षेत्र के एक पंचायत से इन चारों को जांच के लिए लाया गया। चार में से तीन जहां बिहारशरीफ से 15 मार्च को लौटकर यहां आए थे। वहीं एक दिल्ली से 10 मार्च को लौटकर आया था। सोमवार को पुलिस को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद एसडीपीओ वसी अहमद, बीडीओ राजकुमार चौधरी, थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी आनंद भगत वहां पहुंचे। इसके बाद चारों को उनके घर से निकाला गया। इसमें बाद सदर अस्पताल को सूचना देकर एम्बुलेंस मंगाई गई। इन चारों को जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसका सैंपल लिया। बताते चले कि यूपी के लखीमपुर खीरी में जिले के 12 लोगों को एक मस्जिद से पकड़ा गया था। इसमें से तीन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। लखीमपुर खीरी में पकड़े गए 12 लोगों में से आठ लोग सिंहेश्वर के जिस एक गांव के थे उसी गांव से सोमवार को चार का सैंपल लिया गया। पुलिस ने सभी के परिजनों को होम क्वारंटाइन में रहने को कहा है। साथ ही सतर्कता बरतने को कहा गया है।