मधेपुरा। कोरोना वायरस के संकट से हर ओर डर व खौफ का माहौल है। दैनिक मजदूर व गरीबों की स्थिति खराब है। खाना का संकट है। ऐसे में काफी लोग मदद को आगे आ रहे हैं। मास्क व सैनिटाइजर बांटा जा रहा है। भूखे को भोजन कराया जा रहा है। ऐसे में रोटी बैंक बनाकर सामाजिक दायित्व को निभाया जा रहा है। रोटी बैंक के अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि उपाध्यक्ष पूर्व मुखिया ललन प्रसाद यादव ने मंगलवार को तुनियाहि में साबुन और मास्क का वितरण किया। साथ ही लोगों से हाथ साबुन से धोने और मास्क पहनने की अपील की। वहीं कोषाध्यक्ष मनोज यादव ने सदर थाना प्रभारी मधेपुरा को 100 मास्क पुलिस कर्मियों के लिए दिया। रोटी बैंक के अध्यक्ष ने सभी सहयोगी को इस विपदा की घड़ी में समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए धन्यवाद दिया है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार के शाम आठ बजे से उपाध्यक्ष प्रशांत कुमार के देख रेख में लाचार और भूखे को राशन उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि रोटी बैंक के द्वारा अब तक काफी संख्या में लोगों को चावल, दाल, आलू और मास्क बांटा गया है। वहीं मास्क व सैनिटाइजर का भी वितरण लगातार किया जा रहा है। अध्यक्ष ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान गरीबों को परेशानी न हो इसके लिए रोटी बैंक के तहत भोजन दी जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर व गरीब लोगों के मदद के लिए ही रोटी बैंक बनाया गया है। इसमें शहर के सभी वार्ड सदस्यों को भी जोड़ा गया है। वहीं किसी भी व्यक्ति के द्वारा सूचना मिलने पर तत्काल राशन मुहैया कराया जाता है। कोई भी व्यक्ति गरीब व लाचार व्यक्ति की सूचना 8210943914 पर दे सकते हैं।